सोमवार को कार्यालय में उपस्थित रहेंगे सभी अधिकारी-कर्मचारी

दस्तावेजों के व्यवस्थित रख-रखाव, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

अंबिकापुर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सोमवार को कलेक्टोरेट परिसर में स्थित कंपोजिट बिल्डिंग में स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय प्रमुखों को कार्यालय में संधारित दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। लगभग दो से ढाई घंटे तक चले निरीक्षण में कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यालय में संधारित दस्तावेजों के अद्यतन स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान लगभग 20 कर्मचारी अनाधिकृत तरीके से अनुपस्थित पाए गए, इन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं टूर या फिल्ड में निकले अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सोमवार को कार्यालय में उपस्थित रहें, ताकि यहां आने वाले लोगों का काम अवरूद्ध न हो। कलेक्टर ने यह निरीक्षण पिछले दिनों उनके अधीनस्थ अपर कलेक्टर के द्वारा किए गए निरीक्षण दौरान कार्यालयों से नदारद पाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों पर नकेल कसने के लिए किया।
कलेक्टर ने आदिवासी विकास विभाग, श्रम, आबकारी, उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, कार्यपालन अभियंता पीएमजीएसवाय, सर्व शिक्षा अभियान, जिला निर्वाचन स्थानीय, जिला निर्वाचन सामान्य आदि कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उपस्थिति पंजी, कैश पंजी सहित कई दस्तावेज संधारित नहीं पाए गए। कलेक्टर कुन्दन ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि शनिवार और रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को फील्ड विजिट ना रखें। समस्त विभागीय अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित रहें। दो दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को कार्यालयों के खुलने पर आम जन विभिन्न कार्यों के लिए कार्यालयों में पहुंचते हैं। आम जन की सुविधा एवं सहयोग हेतु उन्होंने विभागों को यह निर्देश दिए हैं। कलेक्टर द्वारा निरीक्षण के दौरान बिना सूचना कार्य से अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस भी जारी किए जा रहे हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर अगले क्रम में कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने कार्यालयों को व्यवस्थित करते हुए स्वच्छता का भी विशेष ध्यान देने विभागों को निर्देशित किया। इस दौरान अपर कलेक्टर एएल ध्रुव एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

Categorized in: