ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गणेश मोड़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत बसकेपी गांव में होली के दिन एक हृदयविदारक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बसकेपी साराजोगी निवासी देवनंद नगेसिया पिता सुखदेव नगेसिया उम्र लगभग 12 वर्ष बुधवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच होली खेलने के लिए अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर गुलाल लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में स्थित मक्के की फसल को पशुओं से बचाने के लिए खेत के मालिक द्वारा तार के माध्यम से खेत की घेरा कर उसमें करंट प्रवाहित किया गया था।
बताया जा रहा है कि बालक अनजाने में उस करंट युक्त तार के संपर्क में आ गया। आसपास मौजूद लोगों की नजर जैसे ही बालक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उसे बचाने का प्रयास करते हुए तार को हटाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
होली जैसे खुशियों के त्योहार पर हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

Categorized in: