विकास केसरी
रामानुजगंज। सूर्य उपासना के महापर्व छठ में उमडऩे वाले जनसैलाब को देखते हुए शुक्रवार को कन्हर नदी घाट का निरीक्षण करने कलेक्टर विजय दयाराम के. मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी में लबालब पानी देख श्रद्धालुओं को होने वाली दिक्कत पर चिंता व्यक्त कर एसडीएम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा यदि नदी का जलस्तर कम नहीं होता है तो राम मंदिर घाट, महामाया मंदिर घाट एवं शिव मंदिर घाट में व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और व्रती व्रत कर सकें।
गौरतलब है कि छठ पर्व नगर के छठ घाट की अद्भुत छटा रहती है। वर्षों से यहां छठ पर्व विशेष धूमधाम से मनाया जाता है। छठ पर्व में श्रद्धालुओं का जनसैलाब कन्हर नदी में उमड़ता है। इस नदी का जलस्तर कम नहीं होने की सूचना पर कलेक्टर विजय दयाराम के. कन्हर घाट पहुंचे। उन्होंने पैदल पूरे घाट का निरीक्षण कर एसडीएम गौतम सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने पानी के भराव को देखते हुए छठ पर्व तक नदी में यही स्थिति रहने पर राम मंदिर घाट, महामाया मंदिर घाट एवं शिव मंदिर घाट में आवश्यक व्यवस्था करने कहा है। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के एसडीओ एलपी परगनिया, विनय पांडेय, शैलेष मेहता सहित नगर पंचायत का अमला मौजूद रहा।

Categorized in: