एमसीबी में उर्वरक माफिया पर बड़ा प्रहार 2 पिकअप सहित भारी मात्रा में अवैध खाद जब्त

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी के विरुद्ध प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर के निर्देशन में विकासखंड खड़गवां के ग्राम सेंदा में कृषि एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा दबिश देकर अवैध उर्वरक कारोबार का भंडाफोड़ किया गया। उर्वरक निरीक्षक मेहनाज अंसारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी नीरज जायसवाल एवं बीटीएम गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में 2 पिकअप वाहन सीजी16 सीटी 4428 एवं सीजी 10 यू 9167 को रोककर जांच की गई, जिसमें PROM जैविक खाद 42.50 क्विंटल (85 बैग) संदिग्ध Liquid NPK – 25.50 लीटर (51 बॉटल) अवैध रूप से परिवहन/विक्रय हेतु रखे पाए गए। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति के नाम से जिले में कोई वैध उर्वरक लाइसेंस नहीं है, जिससे यह मामला सीधे तौर पर Fertilizer (Control) Order, 1985 एवं Essential Commodities Act, 1955 के गंभीर उल्लंघन के दायरे में आता है। मौके पर ही टीम द्वारा विधिवत पंचनामा तैयार कर उर्वरक सामग्री एवं दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया तथा सुरक्षित अभिरक्षा हेतु थाना खड़गवां को सुपुर्द किया गया है।

प्रशासन का सख्त संदेश

उप संचालक कृषि, जिला MCB ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं बिना लाइसेंस विक्रय करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

किसानों से अपील

किसानों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक क्रय करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

Categorized in: