बिश्रामपुर। ठेका श्रमिकों को अचानक काम से बैठाने व अन्य मांगों को लेकर एटक श्रमिक संगठन द्वारा क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर आंदोलन किया गया। आंदोलन में केतकी खदान के काम से बैठाए गए सभी ठेका श्रमिक उपस्थित थे। आंदोलन में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए संगठन के क्षेत्रीय सचिव पंकज गर्ग ने कहा कि एसएमएसएल केतकी एमडीओ प्रोजेक्ट लिमिटेड द्वारा खदान में कार्यरत मजदूरों को तय मजदूरी से कम मजदूरी का भुगतान कर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। जब कामगारों द्वारा अपने पूर्ण वेतन, वेतन पर्ची, सीएमपीएफ संबंधी गड़बड़ी में सुधार को लेकर प्रबंधन के समक्ष मांग रखी गई तब सभी ठेका श्रमिकों को काम से बैठा दिया गया। जिसका संघ घोर विरोध करती है। संगठन द्वारा मांग किया गया है कि सभी ठेका मजदूरों को कोल इंडिया हाई पावर कमेटी द्वारा तय मजदूरी का भुगतान करते हुए, वेतन पर्ची, सीएमपीएफ विवरण एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन के प्रथम चरण में केतकी भूमिगत खदान के गेट के समक्ष गतदिनों 24 नवंबर को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया था, इसके पश्चात भी प्रबंधन ने अभी तक मजदूरों की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की है। आज के आंदोलन के बाद भी प्रबंधन मजदूरों के मांग पर विचार नहीं करती है तो संघ जल्द ही तीन दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल करेगा। श्रमिक कभी भी अपनी इच्छा से आंदोलन नहीं करना चाहते परंतु प्रबंधन के अड़ियल रवैया के चलते श्रमिकों को आंदोलन पर जाना पड़ता है। आंदोलन में अखय साहू, केके सिंह, बिरेन्द व अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: