मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) ने ऑटो एक्सपो 2023 में जिन दो कारों को पेश किया था, वो अब लॉन्च हो चुकी हैं। हम बात कर रहे हैं मारुति फ्रोंक्स और मारुति जिम्नी की। फ्रोंक्स को जहां पिछले महीने लॉन्च किया गया था। तो जिम्नी से इस महीने पर्दा उठा दिया गया। फ्रोंक्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.47 लाख रुपए है। तो जिम्नी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.74 लाख रुपए है। खास बात ये है कि लॉन्चिंग से पहले ही इन दोनों SUVs को ग्राहकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। जिम्नी की तो 30 हजार से ज्यादा यूनिट बुक हो गई थीं। अब मारुति के लिए इन दोनों कारों ने टेंशन बढ़ा दी है। दरअसल, इनकी बुकिंग की डिमांड कम नहीं हो रही है, जिसके चलते इनका वेटिंग पीरियड 26 सप्ताह यानी 182 दिन या 6 महीने तक पहुंच गया है। ऐसे में आप इन्हें खरीदने का प्लान बना रहे हैं तब इनके वैरिएंट का वेटिंग पीरियड जरूर जान लें।

मारुति फ्रोंक्स और जिम्नी का वेटिंग पीरियड

मारुति ने फ्रोंक्स SUV को पांच वैरिएंट सिग्मा, डेल्टा, डेल्टा प्लस, अल्फा और जेटा में लॉन्च किया है। इसके एंट्री लेवल वैरिएंट सिग्मा और डेल्टा पेट्रोल वर्जन पर करीब 8 से 10 सप्ताह (मैक्सिमम 70 दिन) की वेटिंग चल रही है। वहीं, डेल्टा प्लस टर्बो पेट्रोल और अल्फा टर्बो पेट्रोल वैरिएंट पर ये वेटिंग करीब 6 से 8 सप्ताह (मैक्सिमम 56 दिन) की है। वहीं, डेल्टा AMT पेट्रोल पर सबसे कम 4 से 6 सप्ताह (मैक्सिमम 42 दिन) का वेटिंग पीरियड है।

दूसरी तरफ, डेल्टा प्लस AMT पेट्रोल पर वेटिंग पीरियड 9 से 10 सप्ताह (मैक्सिमम 70 दिन) है। जेटा टर्बो पेट्रोल पर 10 से 12 सप्ताह (मैक्सिमम 84 दिन) का वेटिंग पीरियड बना हुआ है। फ्रोंक्स के टॉप वैरिएंट यानी जेटा AT टर्बो पेट्रोल की बात करें तो इसकी डिलीवरी के लिए आपको 12 से 14 सप्ताह (मैक्सिमम 98 दिन) का इंतजार करना होगा।

अब बात करें जिम्नी के वेटिंग पीरियड की तो मारुति ने जिम्नी को जेटा और अल्फा वैरिएंट के चार ट्रिम में लॉन्च किया है। इन सभी वैरिएंट पर 24 से 26 सप्ताह (मैक्सिमम 182 दिन) का वेटिंग पीरियड चल रहा है। जिम्नी को लॉन्चिंग से पहले 30 हजार से ज्यादा यूनिट की बुकिंग मिल गई थी। फिलहाल कंपनी ने जिम्नी की डिलीवरी शुरू कर दी है। जिन ग्राहकों ने इस पहले बुक किया था उन्हें इसकी डिलीवरी पहले दी जाएगी।

जिम्नी के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
जिम्नी में K-सीरीज 1.5-लीटर इंजन देखने को मिलेगा। इस ऑफ रोडर कार में 1.5 लीटर, 4 सिलिंडर K-15-B पेट्रोल इंजन होगा। यह 6,000 RPM पर 101 BHP की पावर और 4,000 RPM पर 130 NM का टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम होगी। कार में 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलेगा। इसमें आपको फ्लैट रिक्लाइन सीट्स देखने को मिलेंगी। इसमें सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, हिल होल्ड असिस्ट के साथ ESP, हिल डिसेंट कंट्रोल, रियर-व्यू कैमरा जैसे फीचर्स देखने को मिलेंगे। इसमें EBD के साथ ABS जैसे फीचर्स भी दिए हैं।

फ्रोंक्स के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
फ्रोंक्स में 1.0-लीटर टर्बो बूस्टरजेट इंजन मिलता है। ये 5.3-सेकेंड में 0 से 60km/h की स्पीड पकड़ लेता है। इसके अलावा इसमें एडवांस्ड 1.2-लीटर K-सीरीज, डुअल जेट, डुअल VVT इंजन मिलता है। फीचर्स के बात की जाए तो इसमें 360 डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले, क्रूज कंट्रोल, लेदर रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, 16-इंच डायमंड कट अलॉय व्हील, डुअल-टोन एक्सटीरियर कलर, वायरलेस चार्जर, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ इंफोटेनमेंट सिस्टम, 6-स्पीकर साउंड सिस्टम, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में कलर्ड MID, हाइट एडजस्टेबल ड्राइवर की सीट, रियर AC वेंट्स, फास्ट USB चार्जिंग पॉइंट, कनेक्टेड कार फीचर्स, रियर व्यू कैमरा और 9-इंच का टचस्क्रीन जैसे फीचर्स मिलेंगे। ये एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करेगा।

Categorized in: