छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना अंतर्गत गंगापुर से 35 लीटर महुआ शराब जप्त कर दो आरोपियों को जेल दाखिल किया है।
लोकसभा निर्वाचन के मद्देनजर संभागीय आबकारी उड़न दस्ता टीम, उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 19 अप्रैल को उड़नदस्ता कार्यालय में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गंगापुर तुलसी चौक के पास पार्वती एवं अनिल राम के द्वारा अधिक मात्रा में महुआ शराब बनाकर खुले आम बेचा जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने उड़नदस्ता टीम के साथ दोनों के घर में दबिश दी और पार्वती के कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा अनिल राम के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जप्त कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क, 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, रामाधार कुशवाहा, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे एवं महिला सैनिक राजकुमारी शामिल रहे।

Categorized in: