व्यवस्था में कसावट लाने के दिए निर्देश

अंबिकापुर। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव मंगलवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने स्टॉफ के अलावा मरीजों से बातचीत कर यहां मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं व स्टॉफ के द्वारा ड्यूटी के दौरान दी जाने वाली सेवा का हाल जाना और व्यवस्था में कसावट लाने के निर्देश दिए।
सरगुजा रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव अस्पताल में औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे। उन्होंने ड्यूटी में तैनात डॉक्टरों और स्टॉफ नर्स समय पर पहुंच रहे हैं या नहीं, उन्हें कर्तव्य निर्वहन के दौरान क्या दिक्कत आ रही है, इसे लेकर बातचीत की। सिंहदेव ने मौके पर मौजूद मरीजों से उनका हाल-चाल पूछा। डॉक्टर कितने बजे आए, वार्ड में इलाज के दौरान कोई नर्स मौजूद रहती है या नही,ं डॉक्टर अच्छे से देख रहे हैं या नहीं, इलाज के दौरान और उन्हें क्या-किस प्रकार की परेशानी महसूस होती है, इन सभी बातों की जानकारी मरीज और उनके स्वजनों से ली। साथ ही बढ़ती ठंड को देखते हुए रात में अस्पताल के गेट के बाहर लोगों के लिए अलाव की व्यवस्था जल्द से जल्द हो, इसके लिए नगर निगम आयुक्त से बात करने की बात कही। बता दें कि कुछ दिन पूर्व एसएनसीयू वार्ड में नवजात बच्चों की मौत के मामले में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री टीएस सिंह देव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी डॉक्टर, स्टॉफ नर्स का निलंबन किया था और कोरोना काल के भीषण दौर में अस्पताल के चिकित्सक व स्टॉफ का मनोबल बढ़ाने दिन-रात एक किए अधीक्षक को हटाकर पदीय दायित्व मेडिकल कॉलेज के डॉ.आर्या को सौंपा था। इसके बाद से लगातार अस्पताल के औचक निरीक्षण का दौर जारी है।
एमसीएच में ओपीडी के अलावा शिशु-महिला वार्ड पहुंचे  
रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष आदित्येेश्वर शरण सिंह देव ने सौ बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल के निरीक्षण दौरान पहले माले में स्थित ओपीडी में गए। यहां ड्यूटी डॉक्टर व स्टॉफ नर्स की मौजूदगी पर उनकी नजर थी। इलाज कराने आए मरीजों से आने का समय और डॉक्टर ने उन्हें देखा या नहीं इससे अवगत हुए। मरीज के स्वजनों से अस्पताल में आने पर किसी तरह की दिक्कत हो रही हो, तो उसे बेहिचक बताने कहा। इसके बाद वेे सौ बिस्तर अस्पताल के दूसरी मंजिल पर चल रहे बच्चों के इलाज के बारे में डॉक्टरों से जाना। इसके बाद तीसरी मंजिल में स्थित गायनिक वार्ड पहुंचे और ड्रेसिंग रूम, बाथरूम की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने वहां पर भर्ती की गई महिलाओं से बात कर चिकित्सा सुविधा और खाना समय पर मिल रहा है या नहीं, खाने की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं में और कसावट लाने के प्रबंधन को निर्देश दिए।

Categorized in: