नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को 25 नवंबर से कानपुर में पहला टेस्ट मैच (India vs New Zealand) खेला जाना है. पहले टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग चुका है. टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को टीम में शामिल किया गया है. विश्व चैंपियन न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) को कुछ बड़े फैसले लेने होंगे. यह तय है कि शुभमन गिल (Shubman Gill) अब पहले टेस्ट में मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) के साथ ओपनिंग करेंगे, लेकिन यह तय नहीं है कि नंबर 4 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? रहाणे और कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को चुनना था, लेकिन मैच से एक दिन पहले अजिंक्य रहाणे ने श्रेयस अय्यर के डेब्यू को लेकर बयान दे दिया है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज (IND vs NZ) शुरू होने से पहले भारत के पास जो सबसे बड़ा सवाल था, वो यह था कि नंबर 4 पर कौन खेलेगा? विराट कोहली (Virat Kohli)और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के नहीं होने से मध्यक्रम पहले से ही कमजोर दिख रहा है और इसके अलावा केएल राहुल भी चोट के कारण बाहर हो गए हैं. इसे ठीक करने के लिए श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के अलावा सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) विकल्प के रूप में टीम इंडिया के साथ जुड़ गए हैं. यह तय था कि दोनों में से कोई एक टेस्ट में पदार्पण करेगा, लेकिन रहाणे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफतौर पर कह दिया है कि श्रेयस अय्यर डेब्यू करने जा रहे हैं.

सर्जरी के बाद ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर अपने कंधे की सर्जरी के बाद से संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने टीम में अपना दावा वापस मजबूत करने के लिए बहुत अधिक रन नहीं बनाए हैं. साथ ही वह लंबे समय से चयनकर्ताओं के रडार पर हैं. दूसरी ओर इंग्लैंड दौरे पर बैकअप विकल्प के रूप में बुलाए गए सूर्यकुमार यादव ने भी पिछले दो सत्रों में रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेली है.

श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव? हो गया फैसला
घरेलू सर्किट में श्रेयस अय्यर के शानदार खिलाड़ी हैं. उन्होंने 81.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 52.18 की औसत से 4,500 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 54 मैचों में 12 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि, टेस्ट टीम में कई नए खिलाड़ियों की तरह श्रेयस अय्यर ने भी पिछले 24 महीनों में कोई रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेली है. आखिरी बार उन्होंने प्रथम श्रेणी मैच 2019 में ईरानी कप में खेला था. जहां तक ​​सूर्यकुमार यादव का सवाल है, उनके पास अय्यर जैसा शानदार रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म कुछ ऐसी है जो मदद करेगी. उनकी सफेद गेंद की फॉर्म प्रशंसनीय रही है. हालांकि, अब कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे ने साफ कर दिया है कि श्रेयस अय्यर डेब्यू करने जा रहे हैं. ऐसे में उनके नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है.

गेंदबाजी संयोजन पिच पर रहेगा निर्भर
काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि कानपुर की पिच कैसे तैयार की जाती है. भारत ने आखिरी बार 2016 में एक टेस्ट मैच खेला था और तब से भारत ने 2017 में केवल एक टी20 इंटरनेशनल और एक वनडे खेला है. ग्रीन पार्क के हाल के इतिहास को देखते हुए टर्फ से स्पिनरों को मदद मिलने की उम्मीद है. ऐसे में टीम इंडिया के लाइन-अप में तीन स्पिनर होने की उम्मीद है. रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल दो पक्के स्पिनर हैं, जबकि रवींद्र जडेजा ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे.

इशांत शर्मा और मोहम्मद सिराज का खेलना तय
पेस डिपार्टमेंट के लिए भारत के पास इशांत शर्मा और मोहम्मद सिराज होंगे, जिनके निश्चित रूप से प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है. मैच के दिन की स्थिति तय करेगी कि अजिंक्य रहाणे तीन तेज गेंदबाजों के साथ जाना चाहते हैं या तीन स्पिनरों के साथ. अगर वह तीन स्पिनरों के साथ जाना चाहते हैं तो अक्षर पटेल टीम का हिस्सा होंगे. लेकिन अगर पिच और परिस्थितियां तेज गेंदबाजों का समर्थन करती हैं, तो उमेश यादव तीसरे तेज गेंदबाज होंगे