अंबिकापुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर घंटो नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। काफी देर बाद कुलपति बाहर आए और छात्रों की समस्याएं सुन त्वरित निराकरण की बात कही।
अभाविप के पदाधिकारियों ने पांच सूत्रीय मांग के परिप्रेक्ष्य में कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना, सूचना, सामान्य निर्देश सामान्यतः छात्रों के लिए जारी किए जाते हैं उसे विश्वविद्यालय मात्र महाविद्यालय के धिकारिक ईमेल में भेजकर अपना पल्ला झाड़ लेता है। दूर-दराज, ग्रामीण अंचल के छात्र विश्वविद्यालय की जानकारी से वंचित रह जाते हैं। जानकारी नहीं मिलने के कारण कई छात्र सत्र 2020-21 की पूरक परीक्षा के लिए फार्म भरने के बाद भी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो पाए। मांग की गई है कि आगे से सभी अधिसूचना विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेबसाइट पर अनिवार्यतः जारी किया जाए व दैनिक समचार पत्रों के माध्यम से सूचना सार्वजनिक की जाए।कुलपति द्वारा आश्वासन दिया गया कि सभी सूचनाएं वेबसाइट पर जारी होंगी।इसके अलावा शारीरिक शिक्षा के लिए संचालित पाठ्यक्रम बीपीई के परीक्षा परिणाम के पूर्णांक में तीनों वर्षो की अंकसूची में भिन्नता की ओर ध्यान दिलाया गया। बताया गया कि प्रथम वर्ष में पूर्णांक 1050 अंकित है, वही पूर्णांक आगे तृतीय वर्ष के अंकसूची में 1100 हो गया है। ऐसा किसी एक छात्र के साथ नहीं बल्कि सभी छात्रों के साथ हुआ है। इस पर कुलपति ने कहा कि इस समस्या का समाधान कुछ दिनों में हो जाएगा। सत्र 2019-20 में बीएड प्रथम वर्ष की अंकसूची की मूलप्रति आज तक छात्रों को उपलब्ध नहीं होने के मसले पर कुलसचिव ने 1 सप्ताह के अंतराल में अंकसूची उपलब्ध कराने की बात कही। छात्र नेताओं ने बताया कि पीजी कालेज में भी बीएससी प्रथम वर्ष गणित संकाय के छात्रों की अंकसूची की मूलप्रति छात्रों को नही मिली है। विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों के लिए जारी सहायता नम्बर ज्यादातर बंद रहने की बात पर की गई कि जो नम्बर बंद हैं उनके स्थान पर दूसरे नए नम्बर जारी किए जाएं या पुराने नम्बरों को पुनः प्रारंभ किया जाए।विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस मांग को माना और तुरंत छात्र सहायता के लिए जारी नम्बर को प्रारंभ करने की बात कही। विदित हो वर्तमान में छात्रों की सहायता के लिए जारी किए गए तीन नंबरों में दो नम्बर बंद हैं। एक नम्बर के भरोसे 75 हजार छात्रों की समस्या का कैसे समाधान संभव नहीं है। अंत में विवि द्वारा सत्र 2020-21 में जारी मुख्य परीक्षा परिणाम को रोककर रखने की ओर ध्यान दिलाया गया। छात्र नेताओं ने बताया कि मुख्य परीक्षा परिणाम आए छह महीने से अधिक का समय हो गय है लेकिन अभी भी काफी परीक्षा परिणाम रोके गए हैं, जिसके कारण कई छात्र पूरक परीक्षा से वंचित हैं। कुलपति द्वारा इस समस्या का समाधान यथासंभव करने की बात कही। अभाविप सरगुजा के विभाग संयोजक निखिल मराबी ने कहा छात्रों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसका जिम्मेदार विश्वविद्यालय प्रशासन होगा। प्रदर्शन के दौरान अभाविप के विभाग संगठन मंत्री मनीष पुनाचा, विभाग छात्रा प्रमुख वर्षा गुप्ता, जिला संयोजक सूर्यकांत सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेक तिवारी, नगर मंत्री अविनाश मंडल, उदयपुर सोमारू यादव, लखनपुर के नगर मंत्री संस्कार पांडेय, मुस्कान सिंह, यशराज सिंह, पिंटू पांडेय, आनंद यादव, गोपाल सिंह, राहुल, अभिषेक कुशवाहा, आर्यन गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, राज गर्ग, गोपाल पैकरा सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: