राजेन्द्र ठाकुर (राजू) बलरामपुर-छात्र-छात्राओं को बांटे बिस्किट व चॉकलेट, तालियां बजाकर किया उनका उत्साहवर्धन
कलेक्टर श्री कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास चांदो का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास अधीक्षक से छात्रावास में बच्चों की संख्या, उपलब्ध सुविधाएं, खेलकूद की सामग्रियां, पेयजल, भोजन, सीसीटीवी कैमरा के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर श्री कुंदन कुमार ने छात्रावास में रह रही बालिका प्रतिभा से बात करते हुए पूछा कि उसे छात्रावास में क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं तथा किसी प्रकार की कोई दिक्कत तो नहीं है? प्रतिभा ने कलेक्टर को बताया कि छात्रावास में रहने में कोई समस्या नहीं है तथा हमारा पूरा ख्याल रखा जाता है। बच्चों के आत्मविश्वास से कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने प्रभावित होते हुए कहा कि आप सभी को यूं ही आगे बढ़ना है तथा जिंदगी में अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करनी है। बालिकाओं से उनके लक्ष्य के बारे में पूछने पर बताया कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं और उनकी रूचि क्या है।
इस दौरान उन्होंने छात्राओं के शयन कक्ष का भी अवलोकन किया और वहां लगे पर्दों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में पानी की व्यवस्था के लिए जनपद सीईओ को निर्देशित किया तथा मरम्मत व सुधार कार्य के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने को कहा। बच्चों ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक का अंत में अभिवादन भी किया और उन्हें पुनः छात्रावास आने का आग्रह भी किया।

Categorized in: