अम्बिकापुर। अंबिकापुर-जबलपुर एक्सप्रेस को 6 मई से 24 मई तक पुनः रद्द कर दिया गया है। गर्मियों का सीजन शुरू हो चुका है, बच्चों की स्कूल से छुट्टियां होने के बाद कई परिवार दूर-दराज में रहने वाले परिवार के लोगों से मिलने, घूमने गर्मी की छुट्टियों में जाते हैं। वहीं इस बार लोगों को गर्मी की छुट्टियों को घर में ही बिताना पड़ेगा, जिसकी वजह अंबिकापुर से जबलपुर तक चलने वाली रद्द हुई ट्रेन व बस में महंगी यात्रा है। इसके साथ ही अंबिकापुर से शहडोल तक चलने वाली मेमो भी बंद हो चुकी है। बीते एक माह से अधिक हो गया अंबिकापुर से जबलपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन व अंबिकापुर से शहडोल तक चलने वाली लोकल मेमो भी बंद है। ऐसे में लोगों को यात्रा करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना संक्रमण के बाद होने वाली शादियों एवं गर्मी की छुट्टियों में दूरदराज रहने वाले अपने परिवार परिजनों से मिलने जाने में लोगों को और इंतजार करना पड़ेगा। बढ़ते पेट्रोल और डीजल के दामों से बसों के किराए में वृद्धि हुई है। वही ट्रेनों के रद्द होने से यात्री बसों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है। गर्मी चरम पर है, ऐसे में बसों में यात्रा करना दूभर हो गया है, ट्रेन का परिचालन बंद होने से लोगों में भी काफी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों ने बताया कि गर्मियों की छुट्टी है। शादी समारोह में शामिल होने तथा दूर रहने वाले स्वजनों से मिलने का इसी बहाने मौका मिलता है, ऐसे में ट्रेनों का बंद होना उन्हें खल रहा है। गर्मियों की छुट्टियों में बाहर परिवार के साथ जाने की मंशा भी पूरी नहीं हो पा रही है। अंबिकापुर से महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों के रद्द होने से होती परेशानी को देखते हुए अंबिकापुर से रद्द हुई ट्रेनों को पुनः चालू करने की मांग की गई है।

Categorized in: