रायपुर: छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय की सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ता (DA) 4% बढ़ा दिया है। इससे राज्य के 3 लाख से ज़्यादा कर्मचारियों को फायदा होगा। नया डीए 1 अक्टूबर से लागू होगा। इस बढ़ोतरी के बाद अब राज्य के कर्मचारियों को 50% डीए मिलेगा।

कैबिनेट की मीटिंग से पहले की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने यह घोषणा कैबिनेट की बैठक से पहले की। इस मीटिंग में धान-मक्का की खरीदी, राज्योत्सव और नक्सल नीति पर भी चर्चा होनी थी। राज्य सरकार जल्द ही धान खरीदी की तारीखों का ऐलान कर सकती है।

धान खरीदी पर भी चर्चा
इससे पहले, कैबिनेट की एक उप-समिति ने 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का प्रस्ताव दिया था। खाद्य मंत्री दयाल बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस साल 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए 1 नवंबर से ही धान खरीदी शुरू करने की मांग की है।

डीए में बढ़ोतरी का स्वागत
शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने डीए बढ़ाने के फैसले का स्वागत तो किया है, लेकिन इसे 1 जनवरी 2024 से लागू करने की मांग की है। मोर्चा के मुताबिक चार फीसदी डीए बढ़ाने से शिक्षकों और कर्मचारियों को आधी खुशी मिली है। दिवाली से पहले सरकार के इस कदम का स्वागत करते हैं, लेकिन इसे 1 जनवरी 2024 से दिया जाना था।

वहीं, कैबिनेट की बैठक में राज्य के चौथे टाइगर रिजर्व के गठन को भी मंजूरी मिली है। यह रिजर्व गुरु घासीदास-तमोर पिंगला क्षेत्र में बनाया जाएगा। इससे राज्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों के हित में दीपावली के पूर्व बड़ा निर्णय लेते हुए हमने उनके मंहगाई भत्ता को 46% से बढ़ाकर 50% किए जाने का निर्णय लिया है।

Categorized in: