ब्रेक फेल होने पर ग्रेडर वाहन को रोकने गुटका लगाने का कर रहा था प्रयास
अंबिकापुर। ब्रेक फेल ग्रेडर वाहन को घाट में पीछे आते देख रोकने के लिए गुटका लगाकर रोकने का प्रयास कर रहे रोड रोलर का चालक ग्रेडर वाहन के साथ 40 फिट नीचे गहराई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्रीय अस्पताल से रेफर करने पर स्वजन उसे मेडिकल काॅलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बलरामपुर जिला के बसंतपुर निवासी संगीता मरकाम ने बताया कि उसका पति राम सिंह पिता जय सिंह 40 वर्ष, करीब 20 वर्ष से नवीन एग्रो इंडस्ट्री में रोड रोलर चलाता था। एक जून को रोजाना की भांति ग्राम इदरी से रोड रोलर लेकर और उसका साथी सीताशरण काशी ग्रेडर वाहन लेकर सबाग जाने के लिए निकले थे, दोनों आगे-पीछे जा रहे थे। चांदो के चटनिया घाट में सीताशरण काशी के ग्रेडर वाहन क्रमांक सीजी 15 डीसी 5935 का ब्रेक फेल हो गया और गाड़ी पीछे की ओर आने लगी। पीछे से रोड रोलर लेकर आ रहे राम सिंह ने जब ग्रेडर वाहन को पीछे आते देखा तो वह रोड रोलर को रोक दिया और नीचे उतरकर ग्रेडर वाहन को रोकने के लिए गुटका लगाने का प्रयास करने लगा। ग्रेडर वाहन अनियंत्रित गति से पीछे की ओर आने लगी, यह देखकर सीताशरण जान बचाने के लिए नीचे कूद गया वहीं ग्रेडर वाहन के साथ राम सिंह करीब 40 फिट नीचे खाई में गिर गया। इसकी जानकारी सीताशरण ने राम सिंह के स्वजन को दी। राहगीरों की मदद से राम सिंह को खाई से बाहर निकालकर चांदो स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, यहां से रेफर करने पर उसे बलरामपुर जिला अस्पताल लाया गया। यहां से भी आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद चिकित्सक ने उसे रेफर कर दिया। मेडिकल काॅलेज अस्पताल अंबिकापुर में रविवार की शाम 5.41 बजे चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Categorized in: