गमगीन माहौल में हुआ बच्चे का अंतिम संस्कार, दुर्घटनाकारित कार को जप्त की पुलिस
अंबिकापुर। वसुंधरा विहार कॉलोनी गोधनपुर में तेज रफ्तार कार के चालक ने घर के सामने खेल रहे मासूम बच्चे के ऊपर से कार चढ़ा दी, इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। कार चालक प्रतापपुर नाका शिवधारी कॉलोनी निवासी बताया जा रहा है। घटना को लेकर जहां एक ओर जान-बूझकर कार सवार द्वारा बच्चे को चपेट में लेने की बातें सामने आ रही हैं, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टि में इसे दुर्घटना मान रही है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जप्त कर लिया है। घटना को लेकर बच्चे के स्वजन व बलरामपुर जिले में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर निवासी धीरज सिंह देव, मंगलवार की शाम लगभग 4 बजे परिवार के साथ गोधनपुर, अंबिकापुर स्थित वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदार अभिषेक सिंह के यहां आए थे। यहां भेंट-मुलाकात के बाद रात लगभग 9.30 बजे वे वापस बलरामपुर जाने की तैयारी में थे। इस दौरान उनका छह वर्षीय पुत्र स्वतंत्र सिंह उर्फ शुभ कॉलोनी में घर के गेट के सामने खेल रहा था। स्वजन ने लगभग 9.35 बजे बच्चे को घर चलने के लिए तैयार होने कहा। बच्चा 5 मिनट में आता हूं, कहकर खेलने में व्यस्त हो गया। 5 मिनट के अंतराल में रात लगभग 9.40 बजे शिवधारी कॉलोनी निवासी कार सवार युवक वसुंधरा कॉलोनी में पहुंचा और अभिषेक सिंह के घर के सामने जमीन में बैठकर खेल रहे बच्चे पर कार चढ़ाते हुए निकल लिया। इस दौरान हुई तेज आवाज सुनकर घर के सदस्य बाहर निकले, तब तक कार सवार मौके से निकल लिया था। सिंह परिवार के सदस्य बाहर निकले और बाहर का नजारा देखकर दंग रह गए। मासूम बालक गंभीर स्थिति में कॉलोनी की सड़क पर घर के सामने पड़ा था। कार का चक्का उसके शरीर से पार हो गया था। किसी वाहन से दुर्घटना के संदेह पर परिवार के सदस्य कॉलोनी के अंदर दुर्घटना के संबंध में जानकारी लेने लगे, तो संदिग्ध कार कॉलोनी के डी-10 मकान व गार्डन के करीब नजर आई। संदेह होने पर जब वे कार को बारीकी से देखे तो इसी कार की चपेट में आने से बच्चे के घायल होने का आभास हुआ। कार के अंदर झांककर देखने पर सीट के बीच दुबका युवक नजर आया, जो मोबाइल में किसी से बात कर रहा था। युवक के बाहर निकलने पर उसकी पहचान शिवधारी कॉलोनी निवासी के रूप में हुई, जिसे पूर्व में कई बार अनावश्यक कॉलोनी में आने के लिए मना किया गया था। इधर बालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में लेकर स्वजन पहुंचे, यहां से रेफर करने पर देर रात अपोलो अस्पताल ले गए, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार को मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। बच्चे का शव लेकर जैसे ही स्वजन बलरामपुर पहुंचे, स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गमगीन माहौल में बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के संकेत सिंह ने बताया कि वसुंधरा कॉलोनी के अध्यक्ष उनके भाई अभिषेक सिंह हैं। आरोप है कि जो कार सवार बच्चे को कुचलते हुए निकला, वह कॉलोनी में किसी महिला मित्र के चक्कर में आना-जाना करता था। कॉलोनी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने उक्त युवक को समझाइश देते हुए कॉलोनी का माहौल खराब नहीं करने कहा था।बहरहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: