औषधि नियंत्रक के किराए के मकान के सामने से वाहन चोरी करने वाला गिरफ्तार
अंबिकापुर। शासकीय कार्य हेतु अधिग्रहित वाहन चोरी के मामले कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर बोलेरो वाहन को प्रतापपुर रोड में जंगल के पास से बरामद किया है।
जानकारी के मुताबिक औषधि नियंत्रक रमिला भगत निवासी चोपड़ापारा, 18 मार्च को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह किराए के मकान में चोपड़ापारा टिम्बर भवन के पास निवास करती है। शासकीय कार्य हेतु अधिग्रहित वाहन बोलेरो क्रमांक सीजी 12 एके 8611 उन्हें प्रदाय किया गया हैं, जिसका उपयोग वे करती हैं। बोलेरो वाहन 18 मार्च को उनके किराए के कमरे के सामने खड़ी थी। रात करीब 10.45 बजे तक वाहन सही सलामत खड़ी थी। 19 मार्च को सुबह करीब 10.30 बजे आफिस जाने के लिए ार से निकलीं तो बोलेरो वाहन नहीं थी। आस-पास पता तलाश के बाद भी बोलेरो का पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 303(2) बी.एन.एस. का मामला कायम करके विवेचना में लिया था और वाहन के तलाश में लगी थी। विवेचना के क्रम में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करके आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। पुलिस टीम ने संदेही आनंद कुमार पन्ना पिता हबील पन्ना 19 वर्ष निवासी सुभाषनगर भगवानपुर, मण्डलपारा को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो वक बताया कि 18 मार्च की रात को वह चोपड़ापारा की ओर घूम रहा था। इस दौरान मुख्य मार्ग में बोलेरो वाहन खड़ा देखकर अंदर झांका तो गाड़ी में चाभी लगा हुआ था। सूनसान होने का फायदा उठाकर वह बोलेरो वाहन को चोरी करके घूम रहा था। 22 मार्च को प्रतापपुर रोड़ के जंगल की तरफ घूमते समय गाड़ी का तेल खत्म हो गया और वह जंगल में ही गाड़ी को छोड़ दिया था। पुलिस टीम ने आरोपी के निशानदेही पर चोरी किया गया बोलेरो वाहन बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश किया है।

Categorized in: