00  एक दावेदार ने टिकिट ही कर दिया वापस,बगावत भी

00 भाजपा में भी बगावत के सुर

सूरजपुर।नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज नाम वापसी के आखिरी दौर के बाद चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिया जाएगा।इसके बाद से मैदान की लड़ाई शुरू होगी।आज नाम वापसी के लिए आखिरी प्रयास किया जाएगा कौन कितना सफल होगा ? यह देखना दिलचस्प होगा।भाजपा हो या कांग्रेस दोनो ही दलों के नाराज लोग चुनावी मैदान में ताल ठोकने को आतुर है।कांग्रेस में तो नाराजगी का आलम यह है कि कुछ लोग चलाचली के दौर में आ गए है।बताया जाता है कि कांग्रेस के सीनियर लीडर व जिला उपाध्यक्ष रामकृष्ण ओझा फिलहाल पार्टी को नमस्ते तो नही किया है पर पदों से खुद को अलग करते हुए नगरीय निकाय चुनाव से दूर करने का पत्र जिलाध्यक्ष को भेजा है।बताते है कि वे वार्ड क्रमांक 8 में अपने किसी समर्थक को टिकिट दिलाना चाहते थे जो सम्भव नही होने से वे काफी खफा है।उनकी नाराजगी सोशल मीडिया साइट पर भी झलक रही है। जहाँ वे शायराना अंदाज में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए न केवल दर्द बयां कर रहे है बल्कि खुद की अहमियत क्या है यह भी जताने की कोशिश की है।इसी तरह पिछले कार्यकाल में कांग्रेस से पार्षद रहे सन्तोष सोनी पारिवारिक कारणों का हवाला देकर खुद को कांग्रेस से अलग कर लिया है।इसकी सूचना उन्होंने जिलाध्यक्ष को प्रेषित कर दिया है।श्री सोनी,पहले भाजपा में थे और जहाँ से नाराजगी के कारण कांग्रेस में आये थे और अब यहां से भी टाटा बाय कर दिया।वे अध्यक्ष पद पर अपने अनुज वधु के लिए टिकिट चाहते थे।वार्ड क्रमांक 14 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विन्की बाबा के खास सिपहसलार पवन साहू ने तो कांग्रेस की टिकिट से चुनाव लड़ने से ही इंकार कर दिया।उन्हें वार्ड क्रमांक 14 से वार्ड पार्षद के लिये उम्मीदवार बनाया गया था।लेकिन उन्होंने अपना नामांकन ही नही भरा बल्कि वे वार्ड क्रमांक 13 से अपनी पत्नी पुष्पलता साहू को निर्दलीय फार्म भरा कर अपने इरादे जाहिर कर दिए है।पुष्पलता साहू दो बार से पार्षद रहीं है।पवन साहू अध्यक्ष पद के लिए टिकिट मांग रहे थे जो मिला नही साथ ही वार्ड पार्षद में वे 13 नम्बर से टिकिट चाहते थे।दोनो सम्भव नही होने पर उन्होंने बगावत का रास्ता अखितयार किया है।वार्ड क्रमांक 14 में उनके भाई राजेश साहू जो भाजपा के उम्मीदवार है उन्ही के खिलाफ मैदान में उतार दिए जाने से भी वे काफी दुखी थे।बहरहाल,वार्ड क्रमांक 14 में अब कांग्रेस को योग्य प्रत्याशी की तलाश है।इधर,भाजपा में किसी ने अभी पार्टी को नमस्ते नही किया है पर मैदाने जंग के लिये कई लोग आतुर है जिन्हें मानने की कोशिश की जा रही है।आज साफ हो सकेगा कि कौन माना या नही..?

जिला पंचायत पर दिग्गजो की नजर…
जिला पंचायत पर दिग्गजो की नजर है।नजर सिर्फ सदस्य तक नही बल्कि अध्यक्ष से लेकर उपाध्यक्ष पद तक के लिए है।इस कड़ी में आज पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह की पुत्री मोनिका सिंह ने नामंकन पत्र लेकर चुनाव लड़ने के इरादे बताये है।उनका मुकाबला सम्भव है पूर्व विधायक स्व तुलेश्वर सिंह के बेटे से हो…! हालांकि उन्होंने अभी नामंकन नही लिया है।दुसरीं और भाजपा नेत्री श्रीमती शांति सिंह भी ओड़गी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के लिए ताल ठोकने को तैयार है। श्रीमती शांति सिंह विधायक पड़ की दावेदार थी।वे कई पदों पर फिलहाल भाजपा को सुशोभित कर रही है।जिला पंचायत सदस्य के लिए अब तक 124 फार्म खरीदे गए है जबकि 25 फार्म जमा किये गए है।आज 14 फार्म लिए गए तो 20 फार्म जमा किये गए।आज जिन्होंने फार्म लिया उनके नाम विमला सिंह,सीमा टेकाम,सनपेट टेकाम,पनमेश्वरी राजवाडे,रामलखन सिंह,दुर्गा रवि,मोंनिका सिंह,प्रियंका सिंह,मोहनी सिंह,इंद्रपाल,मनिहारी लाल पैकरा,प्रभा चौधरी,संगीता आण्डिल्य व सिंगदेश्वर सिंह बताये गए है।

Categorized in: