ठंड को देखते हुए स्कूल के समय में किया गया परिवर्तन

अंबिकापुर में ६.९, मैनपाट में ४ व बलरामुपर में ६.३ डिग्री है न्यूनतम तापमान

अंबिकापुर. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता हटते ही उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पडऩी शुरू हो गई है। उत्तर की ओर से आ रही शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज किया जा रहा है। अंबिकापुर में बुधवार का न्यूनतम तापमान ६.९ डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट का तापमान ४ डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा बलरामपुर जिले का तापमान ६.३ डिग्री दर्ज किया गया है। तापमान में गिरावट व कड़ाके की ठंड को देखते हुए कलेक्टर ने सरगुजा जिले में संचालित शासकीय व अशासकीय विद्यालयों के शाला संचालन के समय में परिवर्तन किया है। शुक्रवार से सुबह पहली पाली में लगने वाली कक्षाएं ८.३० से १२ बजे तक व शानिवार की दोपहर १२.१५ बजे से शाम ४.१५ बजे तक व द्वितीय पाली में लगने वाली कक्षाएं १२.१५ से शाम ४.१५ बजे तक व शनिवार को सुबह ८.३० बजे से दोपहर १२ बजे तक संचालित की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार नवम्बर में विक्षोभ की अनुपस्थिति के कारण एक लंबे अरसे बाद इस वर्ष निर्वाध रूप से उत्तरी हवाओं का प्रभाव दिखा था। जिससे सरगुजा में नवम्बर में ही शीतलहर की स्थिति निर्मित हुई थी। परन्तु खाड़ी में हुई हलचल और उत्तर भारत मे पछुआ की सक्रियता के कारण नियमित उत्तरी शुष्क हवा के बाधित होने से न्यूनतम तापमान में उछाल आया। अब जब एक बार पुन: इन विक्षोभों की ऊर्जा दुर्बल हुई है और हवाओं का प्रवेश उत्तर की ओर से होने लगा है तब न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दिखने लगी है। अंबिकापुर में बुधवार का न्यूनतम तापमान ६.९ डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट का तापमान ५ डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा बलरामपुर जिले का तापमान ६.३ डिग्री दर्ज किया गया है। जो सामान्य से लगभग ४-५ डिग्री कम है।

मैनपाट का पारा ४ डिग्री के करीब
छत्तीसगढ़ के शिमला कहे जाने वाले मैनपाट के अलावा सामरीपाठ में अन्य जगहों की उपेक्षा यहां ज्यादा ठंड पड़ती है। जहां मैनपाट का तापमान लगभग ४ डिग्री पहुंच चुका है। मौसम वज्ञानिक एसके मंडल ने ४ डिग्री न्यूनतम तापमान के बाद मैदानी इलाकों में पाला पडऩा शुरू हो जाता है। मैनपाट व सामरी पाट में पाला जमने की स्थिति निर्मित होने लगी है। मैदानी इलाकों में जगह-जगह ओस की बूंदे जमने से बर्फ के सामान सफेद चादर बिछी नजर आई। घांस, पुआल व छोटे पौधें की पतियों पर ओस की बूंदे जमी हुई थी।

मैनपाट में बढ़ी सौलानियों की भीड़
कड़ाके की ठंड के बावजूद मैनपाट में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कड़ाके की ठंड के कारण मैनपाट का नजारा भी खूबसूरत हो गया है। मैनपाट के होटलों व रिसोर्टों में एडवांस बुकिंग चल रही है। क्रिसमस व नए साल को देखते हुए सौलानी मैनपाट के खुबसूरत दृश्य को देखने पहुंच रहे हैं। वहीं इस ठंड ने यहां की खुबसूरत पर और बढ़ा रही है।

ठंड से बचने आग का सहारा
सरगुजा में नवंबर महीने में शीतलहर के बाद दिसंबर महीने में पुन: कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। मंगलवार की रात से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों के साथ-साथ आग का सहारा ले रहे हैं।

दो दिनों तक तापमान में और गिरावट
मौसम वैज्ञानिक एसके मंडल ने बताया कि मौसम साफ होते ही उत्तर की ओर से शुष्क हवाओं के आने का क्रम जारी है। इस लिए तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। एक दो दिनों तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इसके एक विक्षोभ सक्रिय होने वाली है। इस दौरान तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

बच्चों के लिए मिठाई लेने के लिए सडक़ पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बोलेरो ने मारी टक्कर, मौत
सीतापुर. अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्यमार्ग पर स्थित गुतुरमा के पास मंगलवार की रात सडक़ पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे का सीसी टीवी फूटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर थानाक्षेत्र के ग्राम लिचिरमा निवासी गंगोत्री पैकरा पति रामप्रसाद (5५) मंगलवार को घर से सब्जी बेचने गुतुरमा गई थी। सब्जी बेचने के बाद शाम को घर लौट रही थी। तभी रास्ते में लिचिरमा चौक के पास बच्चों के लिए मिठाई खरीदने के लिए एनएच सडक़ को पार कर रही थी। उसी समय पत्थलगांव से सीतापुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही बोलेरो ने महिला को टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्कर से महिला उछलकर सडक़ पर गिर गई एवं गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक सवास्थ्य केंद्र सीतापुर ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए अंबिकापुर स्थित निजी अस्पतल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद बोलेरो का चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। बोलेरो वाहन की तलाश की जा रही है।

५ दिन पूर्व महिला व उसकी बेटी की फांसी पर लटकी मिली थी लाश, परिजन ने पति व उसके रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप
अंबिकापुर. पुलिस चौकी कुन्नी इलाके में शुक्रवार की सुबह मां-बेटी की पेड़ पर फांसी में लटकी लाश मिली थी। मामले में महिला के मायके वालों ने हत्या की आशंका लगा जता रहे हैं। बुधवार को महिला के परिजन ने अंबिकापुर एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। परिजन ने महिला के पति और उसके रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की जांच बारिकी से करने की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि मीना गुप्ता के पति संजय गुप्ता पहले भी दहेज के लिए प्रताडि़त करता था। जिसकी वजह से कुटुम्ब न्यायालय में केस चल रहा था। घटना के एक दिन पहले ही कुटुम्ब न्यायालय ने महिला के पक्ष में फैसला आया था। जिसकी वजह से गुरुवार को मीना अपने पति शिक्षक संजय गुप्ता से मिलने उसके स्कूल गई थी। महिला के परिजन आरोप लगा रहे है कि शाम 5 बजे से मीना और उसकी ७ वर्षीय बेटी आस्था गुप्ता लापता हो गई थी और सुबह पेड़ पर लटकती लाश मिली है। परिजन ने पुलिस पर भी आरोप लगाया है कि कुन्नी चौकी पुलिस सही से जांच नहीं की है मामले को दबाने की कोशिश में है। मामले में एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बारीकी से जांच कर कार्रवाई करने का आश्वाशन दिया है।

बैल ने सिंघ से पेट में किया था हमला, ७ दिन बाद ग्राीमण की मौत
अंबिकापुर. ७ दिन पूर्व बैल ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया था। ग्रामीण इसकी जानकारी परिजन को नहीं दी थी। १० दिसंबर की रात को अचानक ग्रामीण के पेट में दर्द शुरू हो गई। इसके बाद बैल द्वारा हमले किए जाने की जानकारी परिजन को दी। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रामलाल चेरवा ५८ वर्ष शहर से लगे ग्राम हंसुली का रहने वाला था। ३ दिसंबर को बांधते समय बैल ने सिंघ से उसके पेट में हमला कर दिया था। इसकी जानकारी परिजन को वह नहीं दी थी। १० दिसंबर की रात को उसके पेट में दर्द शुरू होने पर वह घटना की जानकारी परिजन को दी। परिजन ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

‘मानवाधिकार ऐसे अधिकार हैं जो जन्म से ही मानव को हो जाता है प्राप्त’

अंबिकापुर. अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज प्राचार्य डॉ. रिजवान उल्ला के संरक्षण में लेफ्टिनेंट पंकज कुमार अहिरवार के नेतृत्व में महाविद्यालय की एनसीसी यूनिट और विधि विभाग के छात्रों के संयुक्त तत्वाधान संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय में मुख्यवक्ता के रूप में जिला न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता जयेश वर्मा विशिष्ट अधिवक्ता के रूप में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर से सहायक प्राध्यापक बृजेश कुमार सिंह 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायगढ़ से हवलदार विश्वाभूषण सिंह की उपस्थिति में मानवाधिकार दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रिजवान उल्ला ने कहा कि मानवाधिकार ऐसे अधिकार हैं जो जन्म से ही मानव को प्राप्त हो जाते हैं और आप सभी का दायित्व है कि मानवाधिकारों के बारे में सभी को निरंतर जागरूक करते रहें। मुख्यवक्ता के रूप में जयेश वर्मा ने अपने विचार रखते हुये निरुद्ध व्यक्तियों को प्राप्त होने वाले मानवाधिकार के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारे बृजेश कुमार सिंह ने मानवाधिकार के बारे में अपने विचार रखते हुये यह बताया कि मानवाधिकार की शुरुआत कहां से और कैसे हुई और क्यों इसकी आवश्यकता महसूस हुई कार्यक्रम में विधि विभाग के प्राध्यापक माधवेंद्र तिवारी डॉ. मिलेंद्र सिंह डॉ. तरुण राय पंकज कुमार अहिरवार देवप्रकाश दुबे पूनम सोनवानी मोहन कश्यप के साथ विधि विभाग के समस्त छात्र और छात्राएं नाक एनसीसी यूनिट के समस्त कैडेट उपस्थित रहे।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत
अंबिकापुर. कोरिया जिले के जमहना ढ़ाबा के पास मंगलवार की शाम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार महिला व बच्चे को टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं बच्चे को मामूली चोटें आई थी। उसे बैकुंठपुर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गौरी मिश्रा पति शशीकांत मिश्रा उम्र ४० वर्ष पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सावांरावां की रहने वाली थी। वह मंगलवार की शाम को बैकुंठपुर कलेक्टोरेट से परिचित के बच्चा अंशु को लेकर स्कूटी से घर जा रही थी। तभी जमगहना ढ़ाबा के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं बच्चे को मामूली चोटें आई थी। गंभीर रूप से जख्मी महिला को इलाज के लिए बैकुंठपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

धान उपार्जन में किसानों को हो रही असुविधाएं दूर करने की मांग

अंबिकापुर। भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर धान खरीदी में किसानों को हो रही असुविधाओं की ओर ध्यानाकर्षण करते हुए इनके निराकरण की मांग रखी है। संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि उपार्जन केंद्रों में बारदाने की उपयुक्त व्यवस्था नहीं है। शासन द्वारा निर्धारित मानक 40 क्विंटल 700 ग्राम से ज्यादा धान खरीदी की जा रही है। धान बिक्री की रकम को प्राप्त करने हेतु को-ऑपरेटिव बैंक में बेहतर व्यवस्था नहीं है। बैंक में धान बिक्री के किसानों को रकम प्रदान करने हेतु नए 2 काउण्टर खोले जाएं। दरिमा में भी वैकल्पिक व्यवस्था के अंतर्गत किसानों हेतु को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा लगाई जाए जिससे दूरस्थ क्षेत्र के किसानों को समस्या न हो। बैंक को निर्देशित करें कि प्रतिदिन किसानों को राशि प्रदान करें। राशि प्रदान करने में सोसायटी की बाध्यता समाप्त हो। अधिकांश किसानों को एटीएम प्राप्त नही हो पाया है जिससे वे शासन द्वारा संचालित माइक्रो एटीएम योजना का लाभ नही ले पा रहे हंै। संघ ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निराकरण की मांग रखी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के जिलाध्यक्ष रुक्मणी सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष लुंड्रा अनिता जायसवाल, महेश्वर यादव, संतोष गुप्ता, जीवंत राम व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किशोर सिंह बघेल उपस्थित थे।

Categorized in: