ग्रामीण बोले-पीएम के लिए 25 से 30 किमी का सफर करना पड़ता है तय

सूरजपुर। बसदेई उप स्वास्थ्य केंद्र में बने पीएम कक्ष में पीएम सुविधा प्रारम्भ कराने की मांग को लेकर बुधवार को बडी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचे क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व सीएचएमओ को ज्ञापन सौपा है। जिला प्रशासन को सौपे अपने ज्ञापन में ग्रामीणों ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए बताया कि परिजनों की मौत पश्चात पोस्टमार्टम की स्थिति निर्मित होने पर उन्हें करीब 30 किलोमीटर का सफर तय कर सूरजपुर जिला अस्पताल आना पड़ता है। यह स्थिति बसदेई क्षेत्र के 25-30 गांवों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद कठिनाई भरी हो गई है। किसी परिजन की मृत्यु के बाद शव को इतने लंबे सफर पर ले जाना न केवल मानसिक, बल्कि आर्थिक रूप से भी भारी पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि शव को सूरजपुर ले जाने के बाद अक्सर उन्हें एक से दो दिनों तक इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए समय मिलना मुश्किल होता है। ऐसे में मृतक के परिजनों को शव को शवगृह में रखने की मजबूरी होती है। खराब मौसम, दूरी, और परिवहन की असुविधा के कारण यह प्रक्रिया उनके दुख को और बढ़ा देती है। इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता संदीप कुशवाहा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का प्रयास किया। कलेक्टर की अनुपस्थिति में ग्रामीणों ने संयुक्त कलेक्टर बजरंग वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि बसदेई क्षेत्र में पोस्टमार्टम की सुविधा की सख्त जरूरत है। समस्या के समाधान हेतु सार्थक पहल के आभाव में आंदोलन की भी बात कही गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता जय सिंह, बबलू, कमलेश पैकरा, विनोद पैकरा, राजेश विश्वकर्मा, अनिल, विजेंद्र, प्रकाश और रमेश उपस्थित रहे।

Categorized in: