गल्ला दुकान का चाभी भी ले गए थे चोर, पुलिस ने रात भर पहरा बिठाया
सीतापुर। नगर पंचायत सीतापुर के उपाध्यक्ष के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 10 लाख रुपये नगद और लगभग पांच लाख रुपये के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। मुख्य मार्ग, एनएच 43 में हुई चोरी की इस वारदात से हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और हरसंभव स्थानों पर प्वाइंट लगाकर चोरों के तलाश में जुट गई है। घटना के समय नपं उपाध्यक्ष एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। संभावना है कि चोर छत के रास्ते से प्रवेश करके घटना को अंजाम दिए होंगे। चोर गल्ले के दुकान का चाभी भी साथ ले गए थे। इसके कारण पुलिस ने उक्त दुकान को पूरी रात निगरानी में रखा था, जिस कारण यहां चोरी का मंसूबा विफल हो गया।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले के सीतापुर में एनएच-43 में नगर पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता का मकान है। रविवार को वे सपरिवार अपने रिश्तेदार के यहां शादी कार्यक्रम में शामिल होने गुतुरमा गए थे। इसी दौरान सूने मकान में घुसे चोरों ने 10 लाख रुपये नगदी और 4 से 5 लाख रुपये के जेवरातों की चोरी कर ली। नगर पंचायत उपाध्यक्ष देर रात 12 बजे जब अपने घर वापस लौटे तो बाहर लगा ताला पूर्ववत बंद था। अंदर जाने पर सामानों को अस्त-व्यस्त देखकर सभी के होश उड़ गए। चोरों ने पीछे के दरवाजे को सब्बल से तोड़ने का प्रयास किया था। छत का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था। चोरों ने आलमारी सहित एक-एक सामानों को खंगाल डाला था। आलमारी के दराज में रखा नगदी और सोने-चांदी का जेवरात गायब था। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि घर में रखा गल्ले के दुकान का चाभी गायब है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम उनके गल्ले के दुकान के पास पहरे में जुट गई, जिससे वहां चोरी की वारदात नहीं हो पाई। चोरों की तलाश के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड का सहारा लिया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है।
पुलिस की पेट्रोलिंग सवालों के घेरे में
चोरी की जहां वारदात हुई वह मकान शहर के बीचों-बीच, कहा जाए तो हृदयस्थल पर स्थित है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता का कहना है कि शहर के बीच के मकान को चोरों ने टारगेट बना लिया, इस दौरान पुलिस की रात्रि गश्त पर निकलने वाली पेट्रोलिंग टीम कहां थी। पुलिस की निष्क्रियता के कारण सीतापुर में पहले भी कई बड़ी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, इसका पर्दाफास पुलिस नहीं कर पाई है। चोरी की इस घटना से नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बयान
सीतापुर पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से अज्ञात चोरों की पहचान करने में जुटी है। चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अमोलक सिंह ढिल्लो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा

Categorized in: