गिरिजा ठाकुर
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात हुए सड़क हादसा में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जो गृह क्षेत्र कुसमी के लरिमा गांव जा रहे थे। दुर्घटना रात करीब 8.30 बजे लडुआ धर्मकांटा के पास हुई। अनियंत्रित स्कॉर्पियो वाहन तेज रफ्तार में खेत में जा घुसी। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग कुसमी से लरीमा जा रहे थे। संभवतः वाहन की गति तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो दिया।  स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और राहत, बचाव कार्य में भिड़ गए। स्कॉर्पियो को खेत से निकालने के लिए जेसीबी का सहारा लेना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो सवारों को अस्पताल पहुंचाया, यहां जांच के बाद 6 लोगों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतकों में चंद्रावती पत्नी संजय मुंडा, कृति पिता संजय मुंडा, संजय मुंडा पिता वासुदेव मुंडा, उदयनाथ पिता रामेश्वर, मंगल दास पिता घनश्याम मुंडा, भूपेंद्र पिता हरिलाल सभी ग्राम लरिमा शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर से मृतकों के स्वजनों और पूरे गांव में शोक की लहर है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बालेश्वर प्रजापति स्कॉर्पियो का चालक बताया जा रहा है, इसका इलाज चल रहा है।

Categorized in: