पृथ्वी लाल केशरी  / 

 राजू ठाकुर 
 
रामानुजगंज//बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज नगर गांधी चौक में संचालित राजेश ज्वेलर्स में दिन दहाड़े कट्टे से लैस बदमाशों ने करीब 8 किलो सोने के जेवरात लूट लिया एवं फरार हो गए। लूटे गए सोने के जेवरातों की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। आशंका है कि वारदात के पूर्व बदमाशों ने दुकान की अच्छे से रेकी की थी। घटना के बाद आरोपी बाइक में सवार होकर झारखंड की ओर भाग निकले। घटना से रामानुजगंज में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, रामानुजगंज के नगर गांधी चौक में संचालित राजेश ज्वेलर्स में 1.50 बजे बाइक में सवार होकर तीन युवक पहुंचे। दुकान में अंदर घुसकर उन्होंने कट्टा निकाल लिया एवं दुकान संचालिका सीमा सोनी सहित कर्मचारियों को कब्जे में ले लिया। लुटेरों ने दुकान सहित लॉकर मे रखे सोने के जेवरों को निकलवा लिया और बैग में रखकर बाईक में सवार होकर झारखंड की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस को अभी तक आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं आरोपी भागते समय संचालक राजेश सोनी को माथे पर मार कर घायल भी कर दिया है। शोर मचाया तो आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर रामानुजगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची। लुटेरों की तलाश में पुलिस टीम झारखंड की ओर भी भेजे गए हैं। फिलहाल लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गई है। पुलिस सीसी टीवी फूटेज भी खंगाल रही है।
आठ किलो सोने की लूट 
दुकान के संचालक राजेश सोनी रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद हैं। रामानुजगंज में उनकी सबसे बड़ी ज्वेलरी शॉप है। राजेश सोनी ने ज्वेलरी शॉप की ब्रांच बलरामपुर में भी खोली है। वे बलरामपुर ज्वेलरी शॉप संभालते हैं। वहीं रामानुजगंज के ज्वेलरी शॉप का कार्य उनकी बहन सीमा सोनी देखती हैं।
रामानुजगंज के दुकान में स्टॉक का पूरा सोना रखा हुआ था। संचालक के अनुसार दुकान से लुटेरे करीब 8 किलो से अधिक सोना लूट ले गए हैं। आशंका है कि लुटेरों ने पहले ही दुकान की रेकी की थी। उन्होंने ऐसे समय को लूट कि लिए तय किया था, जब दुकान में ग्राहकों की संख्या सबसे कम रहती है।
बलरामपुर पुलिस दुकान सहित आसपास के सीसी कैमरों के फुटेल खंगाल रही है, ताकि लुटेरों के आने एवं भागने के रास्ते की जानकारी मिल सके।

झारखंड पहुंचे बलरामपुर एसपी
बलरामपुर एसपी राजेश अग्रवाल घटना के बाद झारखंड के रमकंडा पहुंचे। उन्होंने झारखंड पुलिस अधिकारियों से बात की और आरोपियों को पकड़ने में सहयोग मांगा। एसपी ने कहा कि लुटेरों को पकड़ने विशेष टीम बनाई गई है। लुटेरों की तलाश में झारखंड के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस टीम लगी हुई है।
घटना के विरोध में रामानुजगंज बंद 
राजेश ज्वेलर्स में पांच करोड़ रुपये के सोने की लूट के बाद घटना के विरोध में नगर बंद करने की तैयारी चल रही है। नगर के व्यापारियों ने व्यवसायिक संस्थानें बंद कर घटना का विरोध दर्ज करेंगे।
11 माह बाद भी पुलिस को नहीं मिल सुराग 
11 माह पूर्व 17 अक्टूबर 2023 को रामानुजगंज के दीपक ज्वेलर्स की संचालिका सुषमा सोनी से दिन दहाड़े 11 बजे जेवर से भरा बैग लेकर बाइक सवार दो युवक भाग निकले थे। बैग में 8 लाख रुपये के जेवर रखे हुए थे। पति की मौत के बाद सुषमा सोनी दुकान का संचालन कर रही थी। इस घटना का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।
दुकान के संचालक राजेश सोनी ने बताया कि लुटेरे आठ किलो से अधिक सोने का जेवर व सात लाख रुपये नगदी लूट ले गए हैं।

Categorized in: