बिश्रामपुर। एसपी बंगला के पीछे एसईसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के सुने आवास टूबी क्वार्टर नंबर 13 में हुए चोरी की घटना पर पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 14 लोगों को रात में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़कर थाने ले आई थी। सुबह युवकों के परिजन को बुलाकर जांच उपरांत सभी को चेतावनी देते हुए छोड़ दिया है। गौरतलब है कि एसईसीएल बिश्रामपुर के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण शनिवार को ही अपनी बिटिया के एडमिशन के सिलसिले में सपरिवार दिल्ली गए हुए हैं। उनके दिल्ली रवाना होने के बाद उसी रात अज्ञात चोरों ने सुने क्वार्टर में पिछले हिस्से में लगे दरवाजा को तोड़कर भीतर प्रवेश कर पूरे घर को खंगाल दिया था। सुबह घर का लॉक टूटा देख पड़ोसियों ने उन्हें मोबाइल से सूचना दी। क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी की सूचना पर बिश्रामपुर पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। अज्ञात चोरों ने आंगन के दरवाजे को तोड़कर दूसरे दरवाजा का कुंडी उखाड़कर भीतर प्रवेश किए थे। इस दौरान चोरों ने आलमीरा, पेटी, दीवान सबको उलट पलट कर रखा दिया था। क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के क्षेत्र से बाहर रहने के कारण अज्ञात चोर अपने साथ क्या क्या ले गए हैं, इसका पता नहीं चल सका है। क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के दिल्ली से वापस लौटने के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। सूरजपुर एसपी के बंगला के पीछे हुए उक्त चोरी की घटना उपरांत पुलिस हरकत में आई और बीती रात गश्त के दौरान क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते 14 लोगों को पकड़कर थाने ले आई। यहां पर सोमवार को युवकों के परिजन को बुलाकर पूरी बारीकी से अवलोकन उपरांत अल्टीमेटम देते हुए सभी को छोड़ दिए जाने की बात कही जा रही है। क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के सुने मकान में हुई चोरी की वारदात से अब लोगों में कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। साथ ही पुलिसिंग कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

Categorized in: