अंबिकापुर। नगर के 11 किलोमीटर रिंग रोड में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट के सुधार एवं बंद पड़े लाइटों को चालू करने की मांग भाजपा के जिला मंत्री इन्दर भगत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की है। इनके द्वारा बुधवार को सरगुजा कलेक्टर, नगर निगम के महापौर एवं आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें उल्लेख किया गया है कि नगर के रिंग रोड का निर्माण यातायात के भारी दबाव को कम करने, नगरवासियों के आवागमन में सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। नगर वासियों द्वारा रिंग रोड का उपरोग रात्रि में भी आवागमन के लिए किया जाता है। इसके लिए रोड के बीच में डिवाइडर में पोल लगाकर लाइट लगाया गया है। इनमें से अधिकतर खंभों की लाइट कई महीने से खराब है। कई दिनों से लाइट बंद रहने के कारण आम लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकतर खंभों की लाइंट खराब होने से दुर्घटनाएं तेजी से बढ़ रही हंै। बारिश में इन दुर्घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो रही है। सड़कों में कईस्थानों में पशु बैठे रहते हैं। तेज बारिश होने की स्थिति में वाहनों के लाइटों की चकाचौंध के बीच साइकिल, दो पहिया, चार पहिया एवं बड़ी गाड़ियों के चालकों के बीच दुर्घटना की स्थिति बनती है। दुर्घटनाओं में अब तक कइयों की जान चली गई और घायल हुए हैं। रात्रि आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए रिंग रोड में लाइट की जरूरत को देखते हुए इसे जल्द से जल्द ठीक कराने एवं बंद लाइट को चालू कराने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा जिला मंत्री इन्दर भगत के साथ दुर्गा शंकर दास, रवि जायसवाल, रामसेवक साहू, सत्यम साहू, सुमित गुप्ता, राम बिहारी पैंकरा, आशीष यादव, आर्यन गुप्ता, गुलशन दास, यशोदा साहू, दीपक शर्मा, विक्की गुप्ता व नगर वासी उपस्थित रहे।

Categorized in: