ओवरटेक के दौरान ट्रक को चपेट में लेते दुर्घटनाग्रस्त हुई बस

हाइवा व अज्ञात बोलेरो चालक की लापरवाही से चपेट में आए बाइक सवार  

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में हुए तीन अलग-अलग हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, दो घायल हो गए, जिनका मेडिकल काॅलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। रघुनाथपुर पुलिस चैकी अंतर्गत लुण्ड्रा मोड़ पर मंगलवार की रात सामने से आ रही ट्रक को ओवरटेक करते समय बेदी यात्री बस का चालक अनियंत्रित हो गया और बस के गेट का हिस्सा ट्रक के पीछे घुस गया। हादसे में क्लीनर और महिला यात्री की मौत हो गई। कुछ यात्रियों को सामान्य व गंभीर चोटें आई हैं, इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक पत्थलगांव से यात्रियों को लेकर बेदी यात्री बस क्रमांक सीजी 15 डीएच 0638 का चालक मंगलवार को देर रात लगभग 9-10 बजे अंबिकापुर की ओर आ रहा था, वहीं ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीएम 5411 रायगढ़ से कटनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान रघुनाथपुर चैक में तेज रफ्तार बस के चालक ने ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया और दुर्घटना की स्थिति बन गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई। दुर्घटना मंे कई यात्री चोटिल हो गए, वहीं बस के दरवाजे के पास खड़ा क्लीनर शिवशंकर 38 वर्ष निवासी सीतापुर ट्रक की चपेट में बुरी तरह से आ गया था, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रघुनाथपुर पुलिस चैकी प्रभारी राजेंद्र सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायलों को रघुनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने क्लीनर शिवशंकर को मृत घोषित कर दिया। वहीं सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भारतपुर की इस्फिलेना लकड़ा पति जहर साय 50 वर्ष की मेडिकल काॅलेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार के दौरान बुधवार की सुबह 5 बजे मौत हो गई। पुलिस ने बताया मृत महिला नौ जुलाई को अपना इलाज कराने के लिए मेडिकल काॅलेज अस्पताल अंबिकापुर आने के लिए निकली थी। रघुनाथपुर चैक के पास हुई दुर्घटना में उसे गंभीर चोटें आई थी। गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सक ने कुछ अन्य घायलों के साथ महिला को रेफर कर दिया था। महिला का उपचार मेडिकल काॅलेज अस्पताल अंबिकापुर में चल रहा था, इस दौरान वह दम तोड़ दी। पुलिस ने अस्पताल से मिली सूचना पर मृत महिला का पोस्टमार्टम कराया है। शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।  

तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आए बाइक सवार, एक की मौत दूसरे की स्थिति गंभीर

बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग-43 में झरगंवा मोड़ के पास ढाबा के सामने तेज रफ्तार हाइवा ने दो बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद भी हाइवा का चालक नहीं रूका और बाइक सवार को घसीटते काफी दूर ले गया। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, दूसरे घायल को डाॅयल 112 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में भर्ती कराया गया है, गंभीर स्थिति देखते हुए उसे मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित हाइवा व बुरी तरह से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत झरगंवा निवासी राजेश्वर राम नायक पिता वेदराम नायक 28 वर्ष अपने साथी मंदीप 24 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीवी 9968 में सवार होकर बतौली से अपने घर रात लगभग आठ बजे जा रहा था, तभी एल्युमिनियम फैक्ट्री सिलसिला में चलने वाली तिवारी बिल्डकॉन कंपनी की हाइवा क्रमांक सीजी 15 एसी 2356 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवारों को पीछे से चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार हाइवा के नीचे फंसे रह गए। हाइवा का चालक इन्हें कुछ दूर तक घसीटते ले गया, जिसमें बाइक चला रहे राजेश्वर नायक की मौके पर मौत हो गई, मंदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, गंभीर स्थिति देखते हुए उसे चिकित्सक ने रेफर कर दिया था। घटना के बाद हाइवा को छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना से बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलने पर डाॅयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे घायल युवकों को काफी मशक्कत के बाद राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की मदद से निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर घायल व मृत युवक के स्वजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

बोलेरो की ठोकर से घायल पिता की मौत, पुत्र का चल रहा उपचार
रघुनाथपुर की ओर से बाइक से घर लौट रहे पिता-पुत्र को अज्ञात बोलेरो वाहन का चालक ठोकर मार दिया। दुर्घटना मंे घायल पिता की मौत हो गई, पुत्र का उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पटकुरा का बंधन राम अगरिया पिता स्व. सुंदर अगरिया 60 वर्ष नौ जुलाई को अपने लड़का कन्हैया के साथ बाइक से ग्राम लालमाटी रिश्तेदारी मंे आया थ। बाइक से घर वापस लौटते समय मुख्य मार्ग में ग्राम सतीघुटरा में अज्ञात बोलेरो का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इन्हें ठोकर मार दिया। दुर्घटना में दोनों पिता-पुत्र घायल हो गए। संजीवनी 108 से इन्हें मेडिकल काॅलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां बंधन राम अगरिया को जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, कन्हैया का उपचार चल रहा है।

Categorized in: