पुनर्निर्माण होने तक भुगतान रोकने व सभी सड़कों की जांच किन्ही दो सरकारी एजेंसियों से कराने कहा
अंबिकापुर। शहर की सड़कों के डामरीकरण में गुणवत्ता की कमी देखकर भड़के नगर निगम के लोनिवि प्रभारी शफी अहमद ने खराब सड़कों को उखाड़कर नए सिरे से बनाने और पुनर्निर्माण होने तक भुगतान रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने निगम क्षेत्र की सभी सड़कों की जांच निगम के अलावा किन्ही दो सरकारी एजेंसियों से कराने कहा है।
 नगर निगम द्वारा करीब साढ़े नौ करोड़ की लागत से 74 सड़कों का डामरीकरण कराया गया है, जिनमें से करीब आधा दर्जन से ज्यादा सड़कों से गिट्टी उखड़ने और गुणवत्ता की अनदेखी की शिकायत नगरवासियों ने की थी। शिकायत पर लोक निर्माण प्रभारी शफी अहमद ने नगर निगम के प्रभारी ईई सन्तोष रवि, एसडीओ दुष्यंत बजाज एवं तकनीकि अमले के साथ सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान देवीगंज वार्ड में चित्र मन्दिर के पीछे, नमनाकला में शनि मंदिर के पास, कुंडला सिटी कालोनी पहुंच मार्ग, गणेश दादा गली में प्रदीप आटा चक्की के पास, होली क्रॉस के पीछे, अयान मार्ग और नेपाल लॉज के पास सड़क निर्माण में गुणवत्ता की कमी साफ नजर आई। निर्माण में लापरवाही से नाराज लोनिवि प्रभारी ने निगम आयुक्त को ठेकेदारों का भुगतान रोकने, अमानक निर्मित सड़कों का पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने निगम क्षेत्र की सड़कों की जांच राज्य सरकार की किन्ही दो निर्माण एजेंसियों से कराने कहा है। उन्होंने खराब सड़कों के पुनर्निर्माण और सरकारी जांच एजेंसियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।

Categorized in: