क्षेत्र के ग्रामीणों ने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने का लगाया था आरोप  

अंबिकापुर। खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरण के मामले में उदयपुर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के द्वारा शादी से मुकरने एवं विवाद करने की बात से प्रताड़ित होकर  मृतिका द्वारा खुदकुशी का रास्ता अख्तियार किया गया था। मामले को लेकर एक दिन पूर्व गुरूवार को रौतिया समाज के लोग व काफी संख्या में ग्रामीण अंबिकापुर पहुंचे थे। इनके द्वारा घटनाक्रम को लेकर संदेह व्यक्त करते हुए आरोपी युवक की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर आक्रोश व्यक्त किया था और विवेचना अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की थी। इनके द्वारा किसी प्रकार का ठोस कदम 24 घंटे के अंदर नहीं उठाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और विवेचना अधिकारी को हटाकर संदेही, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भदवी निवासी रामविलास ने 16 जून को उदयपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी साली घर के बाहर बीही पेड़ में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मामले में प्रथम दृष्टया मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल निरीक्षण कर शव पंचनामा किया और मृतक के स्वजनों का बयान दर्ज किया था। बयान में सामने आया कि मृतिका का जयंत ठाकुर निवासी करचा उदयपुर से प्रेम संबंध था। मृतिका जयंत से शादी करना चाहती थी, लेकिन जयंत शादी नहीं करते हुए उसा सिर्फ शोषण करना चाहता था। घटना दिनांक को जयंत मृतिका को साथ लेकर गया था, इसके बाद वह रात भर घर वापस नहीं आई थी। आरोपी के द्वारा शादी करने से मना करने एवं विवाद करने से प्रताड़ित होकर वह खुदकुशी कर ली थी। पुलिस टीम आरोपी जयंत ठाकुर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने इस सच्चाई को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना उदयपुर में धारा 306 भादवि का अपराध दर्ज किया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, आरक्षक सुरेन्द्र बारी, आरक्षक देवेंद्र सिंह, अजय कुमार शर्मा शामिल रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Categorized in: