पुलिस द्वारा मामले में अज्ञात आरोपियों की गई तलाश शुरू
बिश्रामपुर। कोयलांचल में इन दिनों बढ़ी चोरी की घटनाओं से आमजन में खासी नाराजगी व्याप्त है। पुलिस द्वारा अपराधियों पर अंकुश नहीं लगा पाने की वजह से लोगों को काफी आर्थिक व मानसिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। चोरों द्वारा एक सुने आवास से लाखों रुपए के नगदी समेत जेवरात पुनः चोरी कर लिए गए हैं। नगर पंचायत बिश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत चोपड़ा कालोनी स्कूल लाइन के क्वार्टर क्रमांक 871 निवासी जितेंद्र बहादुर पटेल पिता मेवाराम भंडारी जो कि बलौदाबाजार जिले के पलारी नगर पंचायत में सीएमओ के पद पर कार्यरत हैं, का परिवार पखवाड़े भर पूर्व यहां आवास में ताला बंद करके वहीं चला गया था। इसी बीच 26 जून को पड़ोसी अमन सिंह ने मोबाइल पर सूचना दिया कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रार्थी जितेंद्र बहादुर पटेल परिवार के साथ शाम को यहां अपने आवास में पहुंचे, जहां चोरी की घटना को देख उनके होश उड़ गए। यहां पर अज्ञात चोरों ने आवास के सूनेपन का फायदा उठाकर घर के अंदर रखे चार आलमारी का लाकर तोड़कर लाकर में रखे करीब दो लाख रुपए नगदी समेत एक नग सोने का हार, एक नग सोने का मांगटिका, एक जोड़ी सोने का कंगन, छह जोड़ी सोने का झुमका, दो जोड़ी सोने का लेडिस अंगूठी, छह जोड़ी सोने का जेंस अंगूठी, पांच जोड़ी सोने का जेंस चैन, दो जोड़ी सोने बिस्किट को चोरी कर लिया गया है। चोरी गए जेवरात व नगदी की कीमत करीब पंद्रह लाख रुपए आंकी जा रही है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लचर पुलिसिंग व्यवस्था की पूरी पोल खोलकर रख दी है। सूचना पर बिश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज करके विवेचना शुरू कर दी है। कोयलांचल में चोरों के आतंक बढ़ने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं में वृद्धि के पीछे पुलिसिंग प्रक्रिया में कई सवाल खड़े कर रहे हैं। अपराधियों पर पुलिस द्वारा जल्द ही कोई ठोस कदम उठाते हुए बढ़ते चोरी के ग्राफ पर अंकुश नहीं लगाए जाने पर अब लोग आंदोलन पर उतरने की बात भी कहते दिखाई पड़ रहे हैं। हालांकि पुलिस द्वारा मामले में जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाए जाने की बात भी कही जा रही है। 
डाग को भी नहीं मिली सफलता
नगर पंचायत सीएमओ के सुने आवास में हुई लाखों की चोरी मामले में गुरुवार को डाग स्क्वायड की टीम भी यहां पहुंची थी, लेकिन उसको भी आरोपियों का सुराग लगा पाने में किसी तरह की कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी है। चोरों द्वारा आएदिन रिहायशी इलाकों के अलावे एसईसीएल क्षेत्र के कलपुर्जे चोरी किए जा रहे हैं लेकिन पुलिस को कोई बड़ी सफलता आरोपियों को पकड़ने में नहीं मिल पा रही है। पुलिस की मुखबिर व खुफिया तंत्र की धार पूरी तरह कुंद पड़ चुकी है।
बारह बजे तक नहीं हुई थी चोरी
पलारी नगर पंचायत सीएमओ जितेंद्र बहादुर पटेल ने बताया कि घटना दिवस की रात उनका छोटा भाई जो क्वार्टर के बाजू में ही निवास करता है, सेकेंड शिफ्ट की ड्यूटी कर रात बारह बजे घर लौटा था, तब तक सब कुछ ठीक ठाक था। घटना को चोरों ने रात दो बजे के बाद अंजाम दिए हैं। गर्मी व उमस के कारण आवासों में कूलर चलने की वजह से आवाज नहीं आई और चोरों ने फुर्सत से चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि गहने व नगदी रकम के अलावा चोरों ने अन्य कोई सामान नहीं ले गए हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों ने सुने आवास की पहले रेकी की होगी फिर फुर्सत से वारदात को अंजाम दिया है। 

Categorized in: