रजिस्ट्री निरस्त होने पर खुली पोल, जमीन दिखाकर दो लोगों से ऐंठे थे 11 लाख

अंबिकापुर। जमीन संबंधी धोखाधड़ी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दूसरे की भूमि को स्वयं का बताकर एक पक्ष से 10 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर पंजीकृत अनुबंध कर लिया, वहीं दूसरे पक्ष से 50 हजार रुपये उक्त भूमि को दिखाकर ले लिए। रजिस्ट्री खारिज होने पर इसकी जानकारी एक अनुबंधकर्ता को मिली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जमीन संबंधी दस्तावेज एवं अनुबंध पत्र को जप्त किया है।


जानकारी के मुताबिक मो. मुख्तार अंसारी निवासी रिंग रोड, चोपड़ापारा ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मिशन अस्पताल रोड केदारपुर निवासी अखिलेश शुक्ला के द्वारा ग्राम अजिरमा में स्थित भूमि खसरा नंबर 798/1 रकबा 0.110 को स्वयं के कब्जे की भूमि होना बताया गया था। जमीन दिखाने के बाद विक्रय अनुबंध तैयार कर वह 10 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त कर लिया। इधर उसी जमीन का अन्य व्यक्ति को दिखाकर 50 हजार रुपये में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया गया है। जमीन रजिस्ट्री की बारी आई तो रजिस्ट्रार ने उनके रजिस्ट्री को खारिज कर दिया। इस दौरान सामने आया कि आरोपी के द्वारा बताई गई भूमि सुखरी निवासी शत्रुधन यादव व अन्य की है। आरोपी के द्वारा धोखाधड़ी करते हुए भूमि स्वामी को जानकारी दिए बिना ही अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से एक ही भूमि को प्रार्थी व अन्य व्यक्ति को विक्रय करने के लिए अनुबंध कर दिया गया था और दोनों व्यक्तियों से 11 लाख रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 420 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस टीम ने गवाहों से पूछताछ कर बयान दर्ज किया और चंद घंटे के भीतर आरोपी अखिलेश शुक्ला 48 वर्ष, निवासी केदारपुर मिशन अस्पताल के पास अंबिकापुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक अश्वनी सिंह, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, आरक्षक देवेंद्र पाठक अनिल पैकरा, अनिल सिंह परिहार शामिल रहे।

Categorized in: