शहर व मुख्य मार्गों को जाम मुक्त करने व्यापारिक संगठन कैट के सरगुजा अध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। शहर के अंदर और बाहरी रिंग रोड में आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं एवं चौक-चैराहों में लगने वाले जाम को लेकर पुलिस प्रशासन, नगर निगम, कैट सरगुजा एवं ट्रक मालिक संघ के साथ कई बार बैठक हुई, लेकिन कोई सार्थक समाधान नहीं हो पाया। कैट सरगुजा के अध्यक्ष ने सरगुजा कलेक्टर से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन पत्र सौंपा है, जिसमें इस समस्या के स्थाई समाधान की मांग की गई है। पत्र में विंदुवार सुझाव भी दिया गया है, जिसे अमल में लाने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सही हो सकती है।


कैट सरगुजा के अध्यक्ष रविन्द्र तिवारी ने सुझाव दिया है कि अंबिकापुर में प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर को पेड पार्किंग बनाया जाना चाहिए, जहां पर सुरक्षा की व्यवस्था हो। यहां गुमटियां लगी हैं, उसमें वाहनों का मरम्मत करने वाले लोगों की दुकान हो, इससे गाड़ियां रिंग रोड पर खड़ी नहीं होंगी और नगर निगम को भी अतिरिक्त आय का स्रोत मिल जाएगा। इसके अलावा राघवपुरी चेकपोस्ट को कालीघाट के आसपास स्थापित करने कहा गया है, क्योंकि इस चेकपोस्ट के कारण सूरजपुर रोड में जाम लग रहा है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों का ट्रेन छूट जा रहा है। चेकपोस्ट के पास बाजार लगता है, जिसके कारण वहां लोगों की भीड़ रहती है, ऐसे में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कलेक्टर ने इन मांगों पर विचार कर उचित दिशानिर्देश देने आश्वस्त किया है और कहा है कि शहर को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा करें प्रतिस्थापित
रविन्द्र तिवारी ने अंबेडकर चौक से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को प्रस्तावित स्थल पर प्रतिस्थापित करने की मांग की है, जिससे इस चौक की चौड़ाई बढ़ाई जा सके। यह चौक कॉलेज के नजदीक है। चौक की चौड़ाई कम होने के कारण बड़ी वाहनों को मोड़ने में दिक्कत होती है, वाहन चालकों को गाड़ी बैक करना पड़ता है, जिस कारण जाम लगने के अतिरिक्त दुर्घटनाजन्य परिस्थिति बनती है।


ट्रैफिक लाइट का समय बढ़ाएं
भारत माता चौक से बड़ी वाहनें ज्यादा गुजरती हैं, यहां की ट्रैफिक लाइट का समय 25 सेकेंड है, इतने कम समय में तीन से चार ट्रकें ही चौक को पार कर पाते हैं, जिसके कारण यहां लंबी कतारें लगी रहती है, इसलिए इसके समय को बढ़ाया जाना चाहिए। गांधी चौक से हाईमास्ट लाइट को किनारे किया जाना चाहिए, जिससे इस चौक की चौड़ाई बढ़ाई जा सके। महामाया चौक में बीच में बने स्तंभ को हटाने का आग्रह किया गया है, जिससे इस स्थान से गाड़ी किसी भी दिशा में मुड़ सके।

Categorized in: