बिश्रामपुर। वर्षों से काबिज झुग्गी बस्ती में विद्युत विस्तार को लेकर आज भाजपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने बिश्रामपुर विभागीय कार्यालय में सहायक अभियंता से मुलाकात कर चर्चा की है। चर्चा उपरांत अधिकारी द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने का भरोसा दिया गया है।  बिजली की मांग को लेकर लंबे अरसे से क्षेत्रवासियों व जनप्रतिनिधियों द्वारा विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। गौरतलब है कि नगर पंचायत बिश्रामपुर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12, 13 व 15 के अलावे अन्य क्षेत्रों में लोग वर्षों से झुग्गी झोपड़ी में निवास करते जीवनयापन कर रहे हैं। वर्षों बाद भी बिजली आपूर्ति की सुविधा ना मिलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर बिजली विभाग द्वारा एसईसीएल क्षेत्र होने का हवाला देकर विद्युत विस्तार का कार्य नहीं किया जा रहा है जबकि एसईसीएल के अन्य क्षेत्रों क्रमशः जयनगर फोकटपारा, शिवनन्दनपुर, सतपता, गोरखनाथपुर, गांगीकोट, गोविंदपुर, जैसे अन्य कई पंचायतों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई है। ऐसी स्थिति में केवल नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12, 13 व 15 के साथ भेदभाव किया जाना पूरी तरह से अनुचित है। बताया जा रहा है कि उक्त वार्डों में लोग मजबूरन एसईसीएल के विद्युत लाइन से अवैध कनेक्शन लेकर जीवनयापन करने विवश हैं। मजे की बात तो यह है कि मामले में तत्कालीन कलेक्टर इफ्फत आरा द्वारा एसईसीएल प्रबंधन से नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 12, 13 व 15 में विद्युत विस्तार कराए जाने के संबंध में अभिमत मांगी गई थी लेकिन आज तक एसईसीएल प्रबंधन द्वारा अपना अभिमत नहीं दिया गया, जिससे मामला अटक गया है। वार्डवासियों को बिजली आपूर्ति वर्षों बाद भी नहीं मिल पाने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12,13 व 15 में विद्युत विस्तार को लेकर कई बार क्षेत्रवासियों द्वारा विभागीय अधिकारियों से संपर्क करके व्यवस्था सुदृढ़ कराए जाने की मांग की जा चुकी है, जिस पर महीनों पूर्व विभागीय अधिकारियों के आश्वासन उपरांत क्षेत्रवासियों द्वारा विभाग में विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन भी जमा किया जा चुका है। इसी तारतम्य में आज तक प्रभावित लोगों को बिजली आपूर्ति नहीं होने पर बुधवार को भाजपा के प्रतिनिधि मंडल से वरिष्ठ भाजपा नेता इंजी. विनय सिंह, दीपेंद्र सिंह चौहान, सुबोध सिंह, पार्षद पति धर्मेंद्र सिंह, राजेंद्र पासवान, रविंद्र सिंह ने बिश्रामपुर कार्यालय में पहुंचकर सहायक अभियंता प्रतीक बरा से चर्चा कर जल्द से जल्द विद्युत विस्तार किए जाने की बात कही गई। प्रतिनिधि मंडल द्वारा विभागीय अधिकारी को आश्वस्त कराया गया कि उक्त कार्य को पूर्ण कराए जाने में जो भी दिक्कत आएगी उसमें पूरी मदद कराई जाएगी। जिस पर सहायक अभियंता ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया है कि इस संबंध में जल्द ही प्रक्रिया शुरू कराए जाने पहल किया जाएगा।

Categorized in: