रायपुर: छत्तीसगढ़ में जल्द ही विष्णुदेव कैबिनेट का विस्तार किया जाना है । इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं, चर्चाओं में निगम, मंडल की नियुक्तियां भी शामिल हैं। 4 जून को आम चुनाव के रिजल्ट घोषित होने हैं। सूत्रों का कहना है कि निगम और मंडल की नियुक्तियों में उन नेताओं को पहली प्राथमिकता मिल सकती है जिन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया है । वहीं, दूसरी तरफ ये भी कहा जा रहा है कि चुनाव के रिजल्ट आने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार भी संभव है। रायपुर से विधायक बृजमोहन अग्रवाल लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं उनकी जीत में कोई संशय नहीं है। छत्तीसगढ़ में मंत्री का एक पद भी खाली रखा गया है बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रियों के दो पद खाली हो जाएंगे।

विष्णुदेव साय कैबिनेट के 12वें मंत्री के लिए दुर्ग से विधायक गजेंद्र यादव की दावदारी तगड़ी बताई जा रही है। गजेंद्र ने विधानसभा चुनाव 2023 में दुर्ग में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मोतीलाल वोरा के बेटे अरुण वोरा को 48 हजार से अधिक मतों से हराया था। वे छत्तीसगढ़ आरएसएस के बड़े चेहरा बिसराराम यादव के बेटे हैं। बिसराराम छत्तीसगढ़ आरएसएस के प्रांच प्रमुख रह चुके हैं।

50 से ज्यादा है निगम, मंडल और आयोग के पद

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ नेताओं का प्रदर्शन बेहतर रहा लेकिन जातिगत समीकरणों के कारण उन्हें टिकट नहीं दी गई। इसलिए आने वाले समय में होने वाले निगम, मंडल और आयोग की नियुक्तियों में उन नेताओं को विशेष स्थान मिलेगा। प्रदेश में लगभग 50 से ज्यादा निगम, मंडल और आयोग हैं। जिनमें विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कड़ी मेहनत करने वाले बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एडजस्ट किया जाना हैं।

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव तीन चरणों में हुए हैं। इनमें हर एक नेता का प्रदर्शन और वर्क ऑफ एरिया तय किया गया था। अब लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद यह देखा जाएगा कि किसके क्षेत्र में कितना बेहतर काम हो पाया है। जिन नेताओं को लोकसभा चुनाव में अहम जिम्मेदारियां दी गई थी, उनकी परफॉर्मेंस कैसी रही है। बीजेपी के रायपुर स्थित दफ्तर में तो चर्चाएं यहां तक पहुंच गई की कैबिनेट में भी बदलाव देखे जा सकते हैं।

 

Categorized in: