मनेंद्रगढ़ । 11 सालों से मेडिकल कालेज का सपना देख रहे मनेन्द्रगढ़ समेत आसपास के क्षेत्रवासियों को सर्वे में 32 लाख रुपये खर्च होने के बाद भी मेडिकल कालेज नही मिल पाया। मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज की स्थापना हेतु जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही है। डॉ. चरणदास महंत, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ विधान सभा एवं तात्कालिन कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री, भारत सरकार ने अशासकीय पत्र 19 दिसंबर 2012 एवं 17 दिसंबर 2013 द्वारा भारत सरकार के तात्कालिन कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को प्रेषित किया था। डॉ. महंत के प्रयासों से मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु कोयला मंत्रालय द्वारा 23 नवम्बर 2011 के अतारांकित प्रश्न संख्या 448 में कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सीडियरी के द्वारा मनेन्द्रगढ़ जिला कोरिया (छ.ग.) में मेडिकल कॉलेज के स्थापना की जानकारी दी गयी थी, परंतु इस दिशा में अब तक जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है जबकि सर्वे कम्पनी को एसईसीएल ने 32 लाख का भुगतान भी कर दिया।

4 सदस्यीय टीम ने किया था सर्वे

भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा 2011 में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की गई थी लोकसभा मैं अंतारांकित प्रश्न क्रमांक 448 के जवाब में कोयला मंत्री ने बताया था कि कोयला खदान के विभिन्न क्षेत्रों में तीन मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे जिसमें से एसईसीएल द्वारा मनेंद्रगढ़ में एक बनाया जाएगा जिसके लिए सर्वे का कार्य हॉस्पिटल सर्विस कंसल्टेंसी कारपोरेशन नोएडा को दिया गया था। जिसकी 4 सदस्यीय टीम ने सर्वे किया। जिन्हें फीस के रूप में लगभग 32 लाख का भुगतान भी किया गया उक्त कंसलटेंसी कंपनी द्वारा मेडिकल कॉलेज निर्मित किए जाने के पक्ष में अपना प्रतिवेदन दिया गया।

नही हुई कोई कार्यवाही

प्रतिवेदन एसईसीएल के मुख्यालय बिलासपुर में पड़ा हुआ
है ! एसईसीएल के द्वारा 28 जुलाई 2012 को आयोजित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की 207 वी बैठक में निर्णय लिया गया की एसईसीएल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च करने को तैयार है छग शासन मेडिकल कॉलेज का संचालन करें उक्त आशय का पत्र छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव को 17 अप्रैल 2013 को भेजा गया परंतु छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कोई कार्यवाही आगे नहीं की गई।

मेडिकल कॉलेज की घोषणा पर नहीं हुआ अमल

जब से यह घोषणा हुई कि मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज खुलेगा तब से यहाँ के सामाजिक संगठनों, राजनैतिक दलों ने घोषणा पर अमल करने की मांग की ! अलग अलग तरीके से प्रदर्शन और पत्राचार भी हुए लेकिन नतीजा सिफर रहा।

जल्द खोलना चाहिए मेडिकल कॉलेज

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जल्द से जल्द मनेंद्रगढ़ में मेडिकल कालेज खोला जाना चाहिए। जब मेडिकल कालेज खोलना ही नही था तो सर्वे के नाम पर 32 लाख रुपये क्यों फूंके गए।

मेडिकल कॉलेज को लेकर प्रयास रहेगा जारी

फ्रेंड्स ग्रुप के अध्यक्ष अंकुर जैन ने कहा कि फ्रेंड्स ग्रुप द्वारा एक मुहिम चलाकर मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कालेज खोलने की घोषणा पर अमल कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है हमारा यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

घोषणा हुई है तो अमल होना चाहिए

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज की घोषणा हुई है तो घोषणा पर अमल होना चाहिए। जल्द से जल्द मेडिकल कालेज खोलने की कार्यवाही शुरू करनी चाहिए।

Categorized in: