मरीजों के संबंधियों से बनी विवाद की स्थिति, नर्स से भी हुई तीखी नोकझोंक

अंबिकापुर। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जहां एक ओर शासकीय अस्पतालों की व्यवस्था को सुदृढ़ करने, चिकित्सकों की कमी को दूर करने की बात करते थकते नहीं हैं, वहीं ऐसे अस्पताल जहां चिकित्सक, नर्स की सुविधा है, वहां की बदहाल व्यवस्था का सामने आना लचर शासनतंत्र के जिम्मेदारों की लचर कार्यप्रणाली को सामने ला रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के बदहाली की तस्वीर सामने आ रही है। इस स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों की सेवा के लिए नर्स, डॉक्टर भले उपलब्ध हैं, लेकिन इनके दायित्व का निर्वहन चौकीदार कर रहा है। अगर कोई मरीज आ जाए तो चौकीदार इंजेक्शन लगाने से भी नहीं चूकता है। हालांकि नर्स वायरल वीडियो में कॉपरेट करने की बात कहते हुए यह बताते नजर आ रही हैं कि वे अपने छोटे बच्चे को दूध पिलाने गई थी। इधर मरीज के स्वजन का कहना गलत नहीं है कि चौकीदार के इंजेक्शन लगाने से किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति बन जाए तो इसका कौन जिम्मेदार होगा। वहीं नर्स पूरी दमदारी के साथ कह रही हंै कि वे (चौकीदार) गलत इंजेक्शन लगा नहीं सकते।

सरगुजा संभाग मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर के फासले पर ऐसे हालातों से साक्षात्कार होना चरमराई स्वास्थ्य सुविधा को संकेत देने के लिए काफी है। इन हालातों के बीच बीते शुक्रवार को मरीज के संबंधियों और नर्स के बीच जमकर बहस की स्थिति बनी, इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। चौकीदार के द्वारा इंजेक्शन लगाने से तिलमिलाए एक मरीज के स्वजन ने थाना प्रभारी रघुनाथपुर के नाम प्रेषित किए गए शिकायत पत्र में भी इसका उल्लेख किया है। रघुनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र के वायरल एक वीडियो में कर्तव्यस्थल से नर्स के गायब रहने की स्थिति में चौकीदार इंजेक्शन लगाते नजर आ रहा है। दूसरे वीडियो में नर्स और मरीजों के संबंधियों के बीच चल रही तीखी नोकझोंक सामने आ रही है। वाक्या नेशनल हाइवे से लगे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथुपर में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे का है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात को पूजा नामक नर्स की ड्यूटी थी, लेकिन वह अस्पताल छोड़कर किसी काम से घर में थी। अस्पताल का चौकीदार मरीजों को संभाल रहा था। पेट दर्द से तड़प रहे वृद्ध को लेकर पहुंचे स्वजन ने जब चौकीदार को इंजेक्शन लगाते देखा, तो वे दंग रह गए।इसके बाद मरीजों के संबंधियों की नाराजगी सामने आने लगी और नर्स के पहुंचने पर हंगामा की स्थति बन गई। नर्स को भी स्वजन की खासा नाराजगी का सामना करना पड़ा। नर्स की दलील मरीज के जान को जोखिम में डालने वाली थी, जिस पर मरीजों के संबंधी आपत्ति जता रहे थे। इनकी बातों को सुनने के बाद नर्स आपा खो बैठी और इनका लहजा बदल गया, आरोप है कि नर्स गालीगलौज पर उतारू हो गई। बहरहाल देखना यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल के जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या मामले को हल्के में लेकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

वृद्ध को लेकर पहुंचे थे स्वजन
पेट दर्द से छटपटा रहे बटवाही यादवपारा निवासी सीताराम यादव 65 वर्ष को स्वजन रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर शुक्रवार की रात पहुंचे थे। काफी देर तक डॉक्टर और नर्स की वे खोजबीन करते रह गए, लेकिन ड्यूटी से दोनों गायब थे। इधर अस्पताल में मौजूद एक चौकीदार मरीजों को इंजेक्शन लगा रहा था। इसके बाद पेट दर्द से तड़प रहे बुजुर्ग को स्वजन निजी चिकित्सक के पास ले गए। वृद्ध का इलाज कराने के बाद उसके पुत्र न्यार कुमार यादव ने ड्यूटी नर्स और डॉक्टर के खिलाफ पुलिस चौकी रघुनाथपुर से लिखित शिकायत की है।

(छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)

Categorized in: