बिश्रामपुर। ठेका श्रमिकों के लंबित भुगतान को लेकर एटक द्वारा 8 अप्रैल को प्रस्तावित आंदोलन को सूरजपुर एसडीएम की पहल पर मांगों को पूर्ण कराए जाने के आश्वासन पर 13 अप्रैल तक हेतु टाल दिया गया है। ठेका श्रमिकों ने बताया कि केतकी खदान के ठेकेदार परमानंद एवं अवंती इलेक्ट्रिकल द्वारा खाते में 1199 रुपए की दर से एचपीसी मजदूरी का भुगतान कर आधी मजदूरी वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। आधी मजदूरी वापस नहीं करने पर सभी ठेका श्रमिकों को दो माह से काम से बैठा दिया गया है, जिससे आसपास के ग्रामीण ठेका श्रमिकों के समक्ष सपरिवार जीवकोपार्जन की समस्या उत्पन्न हो गई है। काम से बैठाए गए सभी ठेका श्रमिक पिछले एक साल से केतकी खदान में कार्यरत थे।एसईसीएल प्रबंधन और ठेकेदार षड़यंत्र कर नए ठेका श्रमिकों का नियोजन कर रहे हैं, जिसके विरोध में 8 अप्रैल से तीन दिवसीय भूख हड़ताल तथा आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार की घोषणा करते हुए कलेक्टर सूरजपुर को पत्र द्वारा सूचना देते हुए मांग किया गया था कि काम से बैठाए गए सभी ठेका श्रमिकों को वापस काम पर लिया जाए तथा हाई पावर कमेटी द्वारा तय वेतन बिना वापसी का दबाव बनाए 1199 रुपए की दर से भुगतान कराई जाए। जिस पर सूरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा की मध्यस्तता में एसईसीएल प्रबंधन, एसके एमपीएल के एचआर, पेटी ठेकेदार, ट्रेड यूनियन प्रतिनिधि तथा केतकी भूमिगत खदान में कार्यरत ग्राम गेतरा, केतका, पोड़ी, लाछा, लहंगा, डेडरी एवं सपकरा के करीब 50 ग्रामीण ठेका श्रमिकों की संयुक्त बैठक में सूरजपुर एसडीएम कार्यालय में आयोजित कराई गई। बैठक में चर्चा उपरांत एसडीएम की पहल पर 8 अप्रैल को केतकी खदान में होने वाले 3 दिवसीय भूख हड़ताल को आगामी 13 अप्रैल तक के लिए स्थगित किया गया है।त्रिपक्षीय बैठक में एसईसीएल से क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अनुपम दास, आरजीके सहक्षेत्र प्रबंधक उग्रनाथ झा, खान प्रबंधक दिलिप मिश्रा, सब एरिया पर्सनल मैनेजर साव, एसकेएमपीएल से महाप्रबंधक बी. चौधरी, एचआर आनंद, केतकी खदान के पेटी ठेकेदार परमानंद कुमार, अवन्ति इलेक्ट्रिकल्स के  जाकेश, एटक यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, क्षेत्रीय सचिव पंकज गर्ग, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राकेश द्विवेदी तथा समय लाल, रामबिलास, रोहित कुमार, राकेश कुमार, गणेश कुमार, उमेश्वर सिंह, सूरज मरावी, उमेश्वर सिंह, सूरज कुमार सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: