बिश्रामपुर। जब समाज के रक्षक ही भक्षक बन जाएं तो दूसरों को कैसे कानूनी जानकारी उपलब्ध करा पाएंगे। ऐसा ही एक मामला आज ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर के तलवापारा में देखने को मिला है। अब इस मामले में एसईसीएल प्रबंधन व जिला प्रशासन क्या कार्यवाही करती है, यह देखना होगा। दरअसल ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर तलवापारा में रविवारीय साप्ताहिक बाजार में एसईसीएल के लीज भूमि पर ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक सात की वार्ड पंच अनिता सिंह द्वारा जबरन अवैध रूप से कब्जा करके दुकान का निर्माण किया जा रहा था, जिसे एसईसीएल के सुरक्षाकर्मियों द्वारा कई बार रोक लगाते हुए बेजा कब्जा हटाने की बात कह रहे थे। एसईसीएल सुरक्षाकर्मियों की समझाइश को दर किनार करके महिला वार्ड पंच द्वारा जबरन अपने अवैध निर्माण कार्य को बदस्तूर जारी रखा गया। इस बात पर गुरुवार को एसईसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर टीम ने मौके पर जाकर महिला वार्ड पंच द्वारा किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया गया। अवैध कब्जा हटाए जाने की कार्यवाही उपरांत महिला वार्ड पंच ने एसईसीएल महाप्रबंधक कार्यालय में पहुंचकर जमकर हंगामा भी मचाया। मामले में एसईसीएल क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी द्वारा सूरजपुर तहसीलदार व पिलखा नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर उक्त अवैध कब्जा से बेदखली की कार्यवाही किए जाने की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला वार्ड पंच द्वारा पहले से ही एक दो दुकान एसईसीएल की लीज भूमि पर अवैध अतिक्रमण करके बना रखा गया है, हालांकि यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला वार्ड पंच के खिलाफ अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की मांग को लेकर वार्डवासियों द्वारा एसईसीएल प्रबंधन के अलावे पंचायत में भी शिकायत कर चुके हैं।

Categorized in: