आधी कीमत में नई पिकअप दिलाने का झांसा देकर लगाया चूना

अंबिकापुर। आधी कीमत में नई गाड़ी देने के झांसे में आई शिक्षिका सेे दो लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस दो आरोपितों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर कुसमी थाना क्षेत्र के आरोपित कलाम को गिरफ्तार कर ली है। शिक्षिका से पिकअप वाहन का आधा मूल्य प्राप्त करने के बाद कंपनी के कर्ताधर्ता ने शेष किश्त का भुगतान कंपनी की ओर से करने कहा था, इधर डेढ़ वर्ष बाद किश्त का भुगतान करना बंद कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक कुसमी चिरपेनपारा निवासी कलाम पिता जमालुद्दीन व खैरबार अंबिकापुर निवासी राजू बड़ा ने खैरबार में ड्रीम आरके ट्रेडिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी खोला था। गांधीनगर थाना क्षेत्र के इन्द्रानगर फोकटपारा में रहने वाली शिक्षिका अनिमा बड़ा इनके संपर्क में आई तो कंपनी के कर्ताधर्ता ने बताया कि कंपनी के माध्यम सेे वे किसी भी नई वाहन को आधी कीमत पर प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षिका इनके झांसे में आकर पिकअप फाइनेंस कराई थी, जिसकी कीमत नौ लाख 75 हजार रुपये थी। शिक्षिका ने इसके बाद दो लाख 50 हजार रुपये नगद इनके ऑफिस में जाकर और दो लाख 85 हजार रुपये कलाम व राजू को दिया था। शिक्षिका का कहना है कि इसके बाद द्वय ने कहा कि उन्हें अब किश्त का भुगतान नहीं करना पड़ेगा, कंपनी शेष रकम का भुगतान करेगी। शिक्षिका ने तत्संबंध में लिखित में करारनामा देने कहा, जिस पर वे टालमटोल करते रहे। इनके द्वारा डेढ़ वर्ष तक पिकअप के किश्त की राशि अदा की गई, बाद में किश्त अदा नहीं करने की जानकारी शिक्षिका को मिली और वह कंपनी के कार्यालय पहुंची। यहां आने पर कंपनी का कार्यालय बंद मिला। पता चला कि कंपनी के कर्ताधर्ता अपना सामान समेटकर निकल लिए। इनसे संपर्क नहीं होने पर शिक्षिका ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस धारा 420, 34 का मामला दर्ज की है।

Categorized in: