1. आरोपित के निशानदेही पर पुलिस ने 80,162 रुपये का दो कीमती मोबाइल जब्त किया

    अंबिकापुर। फर्जी फ्लिपकार्ट आईडी बनाकर सहकर्मी के खाते से ऑनलाइन शॉपिंग कर ठगी करने के मामले में लखनपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से फ्लिपकार्ट ऐप से खरीदा हुआ 80 हजार 162 रुपये का दो मोबाइल बरामद किया है।
    लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जोधपुर निवासी विजय कुमार राजवाड़े पिता रामनंदन राजवाड़े 25 वर्ष ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके स्टेट बैंक का खाता मोबाइल नंबर से लिंक है। कुछ दिन पूर्व मोबाइल में तकनीकी समस्या आने पर जिओ केयर में दिखाया तो कॉल फॉरवर्ड होने की जानकारी दी गई। इसे वह सही कराया था, इसी बीच में किसी प्रकार की ठगी होने की आशंका पर जब वह अपना खाता चेक कराया तो 80 हजार 162 रुपये का ऑनलाइन शॉपिंग फ्लिपकार्ट ऐप के माध्यम से होना पाया गया। इसकी रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में धारा 420 भादवि व 66(डी)आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने आरोपी के तलाश व अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, अनुविभागिय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के तलाश में लगी थी। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करके संदेही भारत पिता मोतीलाल 23 वर्ष निवासी रजवारपारा लखनपुर को घेराबंदी करके पकड़ा और पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में पास के एक व्यक्ति से तीन हजार रुपये में मोबाइल एवं सिम लिया था। इस सिम पर आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर फ्लिपकार्ट ऐप में अकाउंट बनाकर रखा था। आरोपी अपने सहकर्मी से काम करने के दौरान जान-पहचान होने पर उसके फोन में खाते से जुडा फोन पे का आईडी पासवर्ड बनाकर दिया था, इसकी जानकारी उसे पहले से थी। आरोपी आईडी पासवर्ड की जानकारी होने का फायदा उठाते हुए उसके मोबाइल को मांगा और कॉल फॉरवर्ड कर फोन पे के माध्यम से पेमेंट कर एक एप्पल आईफोन और एक वन प्लस मोबाइल ऑनलाइन आर्डर कर ठगी की घटना को अंजाम दे दिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं ठगी की रकम से खरीदा हुआ दो नग मोबाइल बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, सहायक उप निरीक्षक संदीप सिंह, आरक्षक जानकी राजवाड़े, देवेंद्र सिंह एवं पुलिस टीम सक्रिय रही।

Categorized in: