दरवाजा क्षतिग्रस्त कर बलपूर्वक घर में घुसे थे आरोपी, अन्य आरोपितों के तलाश में पुलिस फोटो-

अंबिकापुर। मंगलवार की शाम घर का दरवाजा तोड़कर तलवार, चाकू, स्टिक लेकर घुसे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जमकर बवाल मचाया। मारपीट में पांच लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने बलवा, मारपीट सहित अन्य धारा के तहत केस दर्ज करते हुए जनपद पंचायत सदस्य सहित दो आरोपितों को चंद घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त किया गया है। अन्य आरोपितों की सरगर्मी से तलाश में पुलिस लगी है। दहशतगर्दी के बीच मारपीट की घटना में पांच लोगों को चोटें आई थी।
जानकारी के मुताबिक सूरज यादव पिता बृजनाथ यादव 24 वर्ष निवासी तकिया वॉटर फिल्टर के पास, रनपुर खुर्द ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था बीते 09 जनवरी को पास के दुकान में खड़े उसके चचेरे भाई विक्रम यादव के साथ 02-03 युवक लड़ाई झगड़ा एवं मारपीट कर रहे थे। इस दौरान पास-पड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव किया, इसके बाद उसका चचेरा भाई वापस अपने घर आ गया था। देर शाम सतीश यादव एवं अन्य व्यक्ति उसके घर में बलपूर्वक दरवाजा को क्षतिग्रस्त करके घुसे और बड़े पिता कमलेश्वर यादव एवं भाई के साथ मारपीट, गालीगलौज करने लगे। सूरज ने पुलिस को बताया है कि कुछ देर बाद जब वह दुकान के पास गया तो सतीश यादव अपने साथी चंदर यादव एवं अन्य के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला किया, इनसे बचने के लिए वह घटनास्थल से भागकर एक घर में छिप गया था। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 294, 506, 323, 147, 148, 452, 307 भादवि एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनला के नेतृत्व में थाना कोतवाली की पुलिस टीम घटनास्थल रवाना हुई और आरोपियों की खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों जनपद पंचायत सदस्य सतीश यादव पिता स्व. मदन यादव 33 वर्ष व चंदर यादव पिता स्व. मदन यादव 40 वर्ष दोनों निवासी तकिया को गिरफ्तार किया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त किया गया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक सतीश उपाध्याय, आरक्षक रमन मंडल, अमित राजवाड़े, शिव राजवाड़े, चंचलेश सोनवानी शामिल रहे।
कानून व्यवस्था को चुनौती देेने वालों का निकला जुलूस
कानून व्यवस्था को चुनौती देने में लगे द्वय आरोपितों को स्वामी विवेकानंद चौक से न्यायालय तक पुलिस जुलूस के शक्ल में ले गई। इसके बाद इन्हें न्यायालय में पेश करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस घटनाक्रम में शामिल अन्य आरोपितों के तलाश में लगी है।

Categorized in: