भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि भारत को आगामी टी20 विश्व कप में ऑन फील्ड और ऑफ फील्ड विराट कोहली और रोहित शर्मा के अनुभव की जरूरत पड़ेगी। क्योंकि इस बार का टूर्नामेंट कुछ अनजान पिचों पर खेला जाएगा। आईसीसी ने शुक्रवार (5 जनवरी) को टी20 विश्व कप 2024 के शेड्यूल का ऐलान किया है भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा और सह मेजबान अमेरिका के साथ रखा गया है।

टूर्नामेंट शुरू होने से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली की उपलब्धता को लेकर संशय है। दोनों ही खिलाड़ियों ने 2022 टी20 विश्व कप सेमीफाइनल के बाद से भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में मैच नहीं खेला है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट खेलने की इच्छा जताई है। स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में इरफान पठान ने कहा कि वह विराट कोहली को इस फॉर्मेट में दोबारा खेलते हुए देखना चाहते हैं। क्योंकि वह टी20 विश्व कप 2022 और आईपीएल 2023 के दौरान अपनी लय हासिल करने में सक्षम थे।

इरफान पठान ने कहा, ”व्यक्तिगत तौर पर, मैं विराट को पिच पर देखना चाहता हूं जब हम दो साल पहले बात कर रहे थे तो वह निश्चित रूप से सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं था। लेकिन पिछला आईपीएल और टी20 उसके लिए शानदार टूर्नामेंट था। जब आप यूएसए और वेस्टइंडीज जैसे देशों में खेल रहे हो, वहां पर कुछ अनजान पिचें हैं और यहां पर आपको ऑन और ऑफ फील्ड विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों के अनुभव की जरूरत होगी।भारत अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगा। पाकिस्तान से खेलने के बाद भारत 12 जून को न्यूयॉर्क में सह मेजबान अमेरिका से भिड़ेगा और फिर कनाडा के खिलाफ 15 जून को अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलने के लिए फ्लोरिडा रवाना होगा।