जिले के विकास का विजन पत्रकारों से साझा किया नवपदस्थ कलेक्टर ने

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के नवनियुक्त कलेक्टर भोस्कर विलास संदिपान, शुक्रवार को जिला कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जिले के विकास में अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और आमजन की प्राथमिकताएं ही प्रशासन की प्राथमिकता होगी। जनदर्शन में आने वाले आवेदनों का यथासंभव तत्काल स्पॉट पर निराकरण हो सके, इसका प्रयास किया जाएगा। साथ ही आम जन की सहूलियत के लिए आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय सीमा में किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसी तरह राजस्व प्रकरणों के निराकरण हेतु भी समय सीमा निर्धारित रहेगी, इसकी समीक्षा हर 15 दिन में राजस्व अधिकारियों की बैठक में की जाएगी। उन्होंने कहा न्यायालय में बैठने के बाद सर्वाधिक किस प्रकार के मामले लंबित हैं इसका पता चल पाएगा। अधिकारियों के फोन नहीं उठाने के सवाल पर उन्होंने कहा, मुझे मैसेज करें, रिप्लाई देर से ही सही अवश्य आएगा। बता दें नवपदस्थ कलेक्टर पूर्व में भी परिवीक्षा अवधि के दौरान सरगुजा जिले में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, जिस कारण वे जिला व मुख्यालय विशेष की स्थिति से वाकिफ हैं। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा वे जनता की सेवा करने के लिए आए हैं, क्या करना है, क्या करना चाहिए, जनता जो बताएगी, यही उनकी प्राथमिकता होगी।

सरगुजा जिले के 52वें कलेक्टर भोस्कर विलास संदिपान

सरगुजा जिले के नवनियुक्त कलेक्टर भोस्कर विलास संदिपान ने शुक्रवार को जिला कलेक्टोरेट कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। सरगुजा जिले से उनका पहले भी जुड़ाव रहा है। प्रशिक्षु अवधि में वे कई दायत्विों का निर्वहन कर चुके हैं। भोस्कर विलास संदिपान सरगुजा जिले के 52वें कलेक्टर के रूप में नियुक्त किए गए हैं। पदभार ग्रहण करने के दौरान स्थानांतरित कलेक्टर कुन्दन कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार, सीईओ जिला पंचायत नूतन कुमार कंवर, अपर कलेक्टर सुनील नायक, एसडीएम अंबिकापुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर भोस्कर विलास संदिपान 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी है। नवपदस्थ कलेक्टर इससे पहले पूर्व मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के रूप में पदस्थ रह चुके हैं।

Categorized in: