मिलावटी शराब बिक्री के मामले में आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जांच के बाद कार्रवाई

girija thakur

अंबिकापुर। शराब दुकानों में चल रही मिलावटखोरी को संज्ञान में लेते हुए आबकारी आयुक्त के निर्देशन में वायरल वीडियो की जांच के बाद विदेशी मदिरा दुकान बौरीपारा, अंबिकापुर के प्रभारी अधिकारी सौरभ साहू, आबकारी उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इन्हें संभागीय उड़नदस्ता, सरगुजा संभाग में संलग्न किया गया है। इसके अलावा चार कर्मचारी ब्लैकलिस्टेड किए गए हैं।

बता दें कि अंबिकापुर के शासकीय मदिरा दुकानों में बंद शीशियों को खोलकर शराब में मिलावट करने के गोरखधंधे का मामला वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आया था। शराब दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी ने इस वीडियो को सामने लाया था, जिसे कुछ आरोप लगाकर काम से पृथक किया गया था। वायरल वीडियो की जांच आबकारी आयुक्त के निर्देश पर कराई गई थी। उपायुक्त आबकारी व संभागीय उड़नदस्ता सरगुजा ने जांच में पाया कि शराब में मिलावट संबंधी वीडियो मदिरा दुकान बौरीपारा, अंबिकापुर का है। विदेशी मदिरा दुकान में मिलावट करने वालों की पहचान विक्रयकर्ता बृजबिहारी गुप्ता, विजय नंद राजवाड़े, मल्टीपरपज वर्कर सुरेश कुमार राजवाड़े, सुरक्षा गार्ड रामसेवक तिर्की नाम से हुई, जो इस शराब दुकान के कर्मचारी थे। जिला आबकारी अधिकारी सरगुजा, जो अब तक शराब दुकान में मिलावट की बातों के सामने आने के बाद भी किसी भी शिकायत को अनसुना करते आ रहे थे, उन्होंने इन्हें काली सूची में डालने के साथ ही सेवा से पृथक कर दिया है। इनके द्वारा बोतल बंद शराब को एक पात्र में उड़ेलकर अवैध मुनाफा कमाने के उद्देश्य से मिलावटखोरी की जा रही थी, इससे शराब के शौकीन भी निराश थे। बता दें कि पूर्व में भी शराब में मिलावट का मामला संज्ञान में आया था और बड़ी कार्रवाई भी हुई थी, इसके बाद भी यह धंधा धड़ल्ले से चल रहा था। जिला आबकारी अधिकारी के संज्ञान में ऐसी शिकायतें लाई जा रही थी, लेकिन इनके द्वारा ऐसी बातों को अनुसना किया जा रहा था।

Categorized in: