पुलिस आरोपियों को एक दिन रिमांड में लेकर की पूछताछ

अंबिकापुर। कोयला कारोबार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर षड्यंत्रपूर्वक करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर गबन करने के मामले में दोनों मुख्य आरोपियों ने न्यायालय अंबिकापुर में समर्पण किया। इसके बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया है। मामले में अभी तक चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी पंकज अग्रवाल पिता स्व. लक्ष्मीचन्द्र अग्रवाल 42 वर्ष मेरिडियन टावर, नारायणी कांप्लेक्स उदितनगर राउरकेला उड़ीसा, गणेश रोलिंग मिल्स (प्रा.लि.) का डायरेक्टर है, जो छड़ निर्माण कर ब्रोकर के माध्यम से विक्रय करता है। थाना कोतवाली में 16 मई 2023 को उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराया कि राहुल गोयल, केके अग्रवाल एवं अन्य से छड़ का व्यवसाय करने के कारण उनकी जान पहचान रही। इनके द्वारा उनके फैक्ट्री में कोयला सप्लाई करने की बात कही और दो वर्ष पूर्व सिंगरौली मध्यप्रदेश से ऑक्शन में कोयला खरीद कर पार्टनरशिप में अच्छा मुनाफा देने का झांसा दिया। यही नहीं छड़ व्यवसाय में ब्रोकर बनकर ठगी कर अलग अलग किश्तों में 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 302/23 धारा 420, 409, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रकरण में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल अग्रवाल एवं सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों के तलाश में लगी थी। विवेचना के क्रम में दोनों मुख्य आरोपियों राहुल गोयल पिता केके अग्रवाल 38 वर्ष व केके अग्रवाल पिता टेकचंद अग्रवाल 66 वर्ष द्वय निवासी पुराना बस स्टैंड के सामने ने न्यायालय अंबिकापुर में समर्पण किया था। समर्पण के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पुलिस रिमांड की मांग की। न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों के लिए एक दिन की पुलिस अभिरक्षा थाना कोतवाली को प्रदान की गई थी। पुलिस रिमांड दौरान आरोपियों से प्रकरण से संबंधित तथ्यों को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस रिमांड के पश्चात उक्त आरोपियों को न्यायालय के आदेश उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया हैं। कार्रवाई में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक अर्जुन यादव, प्रधान आरक्षक सोमार साय, सियाराम मरावी, आरक्षक मोती केरकेट्टा, कपिल देव, चित्रसेन प्रधान, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: