girija thakur

अंबिकापुर। दुपहिया वाहन चोरी के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के निशानदेही पर एक मोटरसायकल एवं एक स्कूटी बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली है।
जानकारी के मुताबिक शिवचरण मिंज पिता शंकर मिंज 24 वर्ष निवासी नावापारा ने थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि एक दिसंबर को वह अपनी मोटरसायकल को घर के बाहर परछी में खड़ा किया था, जिसे अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में धारा 379, 411, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सरगुजा सुनील शर्मा के निर्दशन में वाहन चोरों की पतासाजी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में मणीपुर पुलिस की टीम आरोपियों के तलाश में लगी थी। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी प्राप्त कर सुरेश यादव पिता मड़वारी 27 वर्ष निवासी बंजारीपारा, सूरज विश्वास पिता तपन विश्वास 26 वर्ष निवासी मणीपुर अंबिकापुर को घेराबंदी करके पकड़ी और पूछताछ की तो इन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसायकल एवं थाना मणीपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 261/23 धारा 379 भादवि में चोरी गई स्कूटी भी बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक द्वय नवल दुबे, बबलू कुजूर, आरक्षक अतुल शर्मा, सैनिक दिनेश यादव शामिल रहे।

Categorized in: