विस चुनाव में मिली हार के बाद प्रदेश संगठन के खिलाफ लगातार बयानबाजी करने वाले नेताओं पर बड़ी कार्रवाई

अंबिकापुर। विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद प्रदेश संगठन के खिलाफ लगातार बयानबाजी करने वाले दो नेताओं पर कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने पूर्व विधायक विनय जायसवाल और बृहस्पत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने अपने निष्कासन आदेश में कहा है कि दोनों नेताओं ने प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा पर तथ्यहीन आरोप लगाए हैं। इधर कांग्रेस पार्टी से निष्कासन के बाद पूर्व विधायकों के साथ दोनों बर्खास्त विधायक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात किए।
बता दें कि बृहस्पति सिंह ने विधानसभा चुनाव में मिली हार के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैैलजा और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से शैलजा को जल्द हटाने की मांग की थी। आरोप था कि शैलजा प्रभावशील नेताओं के हाथों बिक गई थीं। हीरोइन की तरह फोटो खिंचवाने में व्यस्त थीं। वहीं विनय जायसवाल ने प्रदेश सह प्रभारी चंदन यादव पर टिकट के एवज में सात लाख रुपये लेने का आरोप लगाया था। दोनों नेताओं को पार्टी ने नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी ने दोनों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

Categorized in: