यूपी के बदायूं में शादी समारोह के दौरान डीजे पर बजाए गए एक गाने ने बवाल करा दिया। दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने घरों से तलवारें और लाठी-डंडे निकाल लिए। गाना बंद करने को लेकर देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। लात घूंसे और लाठी डंडे के बाद चाकू से वार कर दिए। हमले में तीन युवक घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने के चलते बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस ने घायलों के परिजनों की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घरों पर दबिश दी है।

कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव इमलिया में राजू की बेटी की बारात गुरुवार रात गाजियाबाद से आई हुई थी। पुलिस के मुताबिक, बारात में डीजे पर गाने बजाए जा रहे थे। इस बीच जाति विशेष से जुड़ा गाना बजने पर कमजोर तबके के युवकों ने आपत्ति जताई। गानों को बंद करने के लिए कहा गया। इसके बाद भी रात में डीजे पर गाने बजते रहे। बारात गांव में घूमते समय भी वहीं गाने बजाए गए तो दूसरी जाति के लोग उग्र हो गए। उनमें कुछ युवकों ने लाठी डंडे और चाकू से दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला कर दिया। जिसमें शेखर, सुभाष और सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने तीनों घायल युवकों को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां गंभीर हालत होने के कारण घायल सुभाष व सचिन का बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि शेखर जिला अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार को पुलिस ने छोटे सिंह की तहरीर पर गांव के जतिन, वीरू, अनोज, अनूप, अरुण और मोहित के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिल सके। कुंवरगांव इंस्पेक्टर इंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। गांव में शांतिपूर्ण स्थिति है।

Categorized in: