प्राथमिक चिकित्सा के बाद क्रिटिकल केयर के लिए हायर सेंटर रिफर, पुलिस अधीक्षक ने स्वजन को समुचित चिकित्सा सुविधा दिलाने आश्वस्त किया

अंबिकापुर। सरगुजा के उदयपुर थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक रवीश लकड़ा को जंगली भालू ने जख्मी कर दिया। प्रधान आरक्षक ने भालू को मुक्का मारकर किसी तरह जान बचाई और घायल अवस्था में मोटरसाइकिल चलाते थाना पहुंचा। पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में जैसे ही मामला आया उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहे प्राथमिक चिकित्सा सुविधा की जानकारी ली और चिकित्सकों के परामर्श पर प्रधान आरक्षक को समुचित इलाज के लिए हायर सेंटर रवाना कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर की रात लगभग 11 से 11.30 के बीच थाना उदयपुर में पदस्थ प्रधान आरक्षक क्रमांक 612 रवीश लकड़ा बुलेट मोटरसाइकिल से थाना से गश्त पर मिरगाडांड मुख्य मार्ग होते हुए निकले थे। इसी दौरान बीच रास्ते में जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू के हमले में प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से जख्मी हो गया और भालू पर मुक्के का वार करके खुद की जान बचाया। भालू के हमले में लहूलुहान प्रधान आरक्षक किसी तरह मोटरसाइकिल चलाते थाना उदयपुर पहुंचा। यहां मौजूद कर्मचारियों व थाना प्रभारी उदयपुर ने प्रधान आरक्षक की हालत देख तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसे संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने थाना प्रभारी उदयपुर को जख्मी प्रधान आरक्षक के समुचित चिकित्सा सुविधा दिलाने के निर्देश दिए। जख्मी प्रधान आरक्षक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर सेे प्राथमिक चिकित्सा के बाद अग्रिम इलाज हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर थाना के कर्मचारी लेकर पहुंचे। भालू के हमले से गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण चिकित्सक द्वारा प्रधान आरक्षक को क्रिटिकल केयर हेतु हायर सेंटर रायपुर रेफर किया गया है। प्रधान आरक्षक को रायपुर में डॉक्टरों की टीम द्वारा समुचित इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुलिस अधीक्षक ने प्रधान आरक्षक के परिवार को समुचित इलाज के लिए आश्वस्त किया है।

Categorized in: