Zee-Sony merger: भारत की जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज और जापान की सोनी की भारतीय शाखा के बीच विलय की बातचीत पर ब्रेक लग गया है। दरअसल, मर्जर के बाद नई कंपनी की लीडरशिप को लेकर पेच फंसा हुआ है। यह तय नहीं हो पा रहा हे कि विलय के बाद बनी ईकाई को कौन चलाएगा। मिंट के मुताबिक सोनी अपने भारतीय परिचालन के प्रबंध निदेशक एनपी सिंह को नियुक्त करने पर जोर दे रही है। वहीं, जी एंटरटेनमेंट की ओर से पुनीत गोयनका दावेदार हैं।

गोयनका पर क्यों फंसा पेच: ऐसा माना जा रहा था कि पुनीत गोयनका विलय के बाद नई ईकाई के लीडर होंगे। हालांकि, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) एक अन्य मामले में पुनीत गोयनका की भूमिका की जांच कर रही है। इसके अलावा गोयनका को ग्रुप के किसी भी प्रबंधकीय पद पर रहने से रोक लगा दी थी लेकिन 30 अक्टूबर को सिक्योरिटीज अपीलेट ट्रिब्यूनल (SAT) ने सेबी के आदेश को कुछ बिंदुओं पर खारिज कर दिया था।

पुनीत गोयनका ने क्या कहा: मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक जी एंटरटेनमेंट के एमडी पुनीत गोयनका ने कहा है कि वे सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया, जो अब कल्वर मैक्स एंटरटेनमेंट है, के साथ विलय प्रक्रिया को लेकर एक्टिव हैं। रिपोर्ट की मानें तो पुनीत गोयनका ने कहा कि विलय योजना पर सोनी के साथ हमारी सक्रिय भागीदारी है। हमें एनसीएलटी की मुंबई पीठ की मंजूरी मिल गई है। गोयनका ने आगे कहा कि वे प्रस्तावित विलय में सभी बिंदुओं पर गौर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हालांकि, उन्होंने विलय के बाद लीडरशिप को लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा है।

कैसे थे सितंबर तिमाही के नतीजे: इस बीच, जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 8.92 प्रतिशत बढ़कर 122.96 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 112.89 करोड़ रुपये का प्रॉफिट कमाया था। जुलाई-सितंबर की तिमाही में कंपनी की कुल आय 23 प्रतिशत बढ़कर 2,509.57 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2,040.87 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने बताया कि डिजिटल क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन और दर्शकों की संख्या बढ़ने से उसका मुनाफा बढ़ा है। कंपनी का कुल खर्च 23.02 प्रतिशत बढ़कर 2,205.67 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर, 2023 तिमाही में कंपनी का विज्ञापन से राजस्व 3.3 प्रतिशत घटकर 979.17 करोड़ रुपये रह गया।

शेयर का हाल: विलय को लेकर नई खबर के बीच, जी एंटरटेनमेंट के शेयरों में हाहाकार मच गया। ट्रेडिंग के दौरान शुक्रवार को शेयर 5 प्रतिशत गिरकर 248 रुपये पर आ गए। वहीं, कंपनी का मार्केट कैप 24 हजार करोड़ रुपये के स्तर पर है।

Categorized in: