मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत से गांव में मातम, लोगों ने सड़क जाम किया, पुलिस की समझाइश पर हटाया शव

कुसमी। बलरामपुर जिला के कुसमी विकासखंड अंतर्गत कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कमलापुर में एक दुधमुंही ढाई वर्षीय बच्ची की संदिग्ध अवस्था में मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया। घटना को लेकर माता-पिता सहित पूरे क्षेत्र के लोग शोक में डूबे हैं। ग्रामवासी वारदात को टोना-टोटका से जुड़ा बता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कमलापुर निवासी रोहित गुप्ता व माया गुप्ता की परी उर्फ मिस्टी इकलौती बेटी थी। गांव के लोगों का कहना है कि नवरात्रि पर्व पर पूजार्चना के बाद रावण दहन के दौरान बच्ची विविध रूप धारण किए लोगों को देखकर डर से रो रही थी। बच्ची को दादा अशोक ने घर पर लाकर करीब साढ़े पांच बजे शाम को दादी गायत्री देवी के पास छोड़ा और सब्जी लेने बाजार चले गए। 15 मिनट बाद जब वे घर आकर पोती के बारे में पूछे तो पता चला कि बच्ची उनके पीछे निकली थी। इसके बाद बालिका की खोजबीन शुरु हुई। गांव के लोगों ने करीब दो घंटे तक खोजबीन किया। इसके बाद पौने आठ बजे रात में उक्त बालिका का शव निवास स्थल के बगल में घर के पीछे करीब 4 फिट के पानी से लबालब एक गड्ढे में संदिग्ध अवस्था में मिला। इसे देखते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सर्वप्रथम गांव के चुन्नू प्रजापति, राजेंद्र खैरवार, दीपक गुप्ता की बच्ची पर नजर पड़ी। इसकी जानकारी थाना प्रभारी कोरंधा को दी गई। इसके बाद पुलिस पहुंचकर जांच में जुटी। पुलिस ने घर के सदस्यों से पूछताछ की। घरेलू विवाद के कारण मृतिका के चाचा रवि गुप्ता व चाची सोनम गुप्ता को सुरक्षा के दृष्टि से कोरंधा थाना में रखा गया है और आगे जांच की जा रही है।

आवागमन बाधित कर न्याय की मांग
इस घटना के बाद देर रात ग्रामवासियों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे आवागमन बंद हो गया। ग्रामीणों की मांग थी वारदात से जुड़े दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कुसमी इमानुएल लकड़ा, थाना प्रभारी कुसमी जितेंद्र जायसवाल व थाना प्रभारी कोरंधा देवेंद्र कुमार ठाकुर की समझाइए के बाद आवागमन शुरू हुआ। ग्रामवासियों को पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जो भी दोषी होगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है
* वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला अंबिकापुर डॉ. कुलदीप कुजूर ने घटनास्थल आकर व बच्ची के शव का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल में कुछ तथ्य मिले हैं, जिसे जांच में लिया गया है। पोस्टमार्टम में भी कुछ तथ्य निकल कर सामने आ सकते हैं। स्निफर डॉग भी बुलवाया गया था, जिससे कुछ क्लू मिला है। उन्होंने कहा सभी बिंदुओं पर अध्ययन करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

* एडिशनल एसपी बलरामपुर चंद्रेश सिंह ने कहा जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम निरंतर जांच में जुटी है। घटना के दूसरे दिन सुबह फॉरेंसिक टीम व स्निफर डॉग की टीम आई है। इस आधार पर भी कई तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार पुलिस को है। आगे की जांच जारी है विवेचना प्रारंभिक स्थिति पर है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही हैं।

* प्रभारी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी कुसमी राकेश ठाकुर ने कहा सूचना मिलते ही हमने फॉरेंसिक टीम को बुलाया था। मैं खुद मौके पर गया था। मृत्यु संदेहास्पद प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम डॉ. आशिंता कश्यप के द्वारा करवाया गया है। रिपोर्ट जल्द से जल्द थाना में दे दिया जाएगा।

Categorized in: