भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को बनाया अपराधगढ़

अंबिकापुर। राजधानी रायपुर में एक नाबालिग युवती से गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था और महिला उत्पीडन के मामलों को लेकर भाजपा नेता अनुराग सिंहदेव ने सरकार और पुलिस की नीयत पर सवाल खड़े किए। सिंहदेव ने कहा कि प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ आकर महिला समृद्धि सम्मेलन को संबोधित किया लेकिन उत्तरप्रदेश में एक घटना होने के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जाने वाली कांग्रेस की नेत्री ने सरगुजा पहुंचकर सीतापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म सहित जिले में घटित महिला अत्याचार की अन्य घटनाओं की पीड़िताओं की सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। भाजपा नेता अनुराग सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ के किसी पीड़िता के घर क्यों नहीं जाती हैं? मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा केवल कुर्सी के लिए राजनीति करने के लिए है। यह स्पष्ट हो गया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रियंका जी को कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महिलाओं के उत्थान की डींगे हांकते हैं और महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन करते हैं, लेकिन महिलाओं को सुरक्षा तक नहीं दे पा रहे। राजनांदगांव जिले में महिलाओं के साथ दुष्कर्म और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। कांग्रेस के कुशासन के चलते छत्तीसगढ़ अब पूरी तरह अपराधगढ़ बन गया है। प्रदेश में जंगलराज कायम है। प्रदेश की राजधानी से लेकर हर जिले, शहर, नगर और गांवों में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ में ऐसा एक दिन भी नहीं गुजर रहा है, जब कोई आपराधिक घटनाएं घटित न हो रही हों। जिस तरह घटनाएं घट रही है, इससे लोगों में डर पैदा हो चुका है।

Categorized in: